छत्तीसगढ़

बैगा बाहुल्य क्षेत्र बोड़ला में मनाया गया जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस*

*बैगा बाहुल्य क्षेत्र बोड़ला में मनाया गया जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस*

*सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने शॉल-श्रीफल भेंटकर किया वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, वितरित की वॉकिंग स्टिक*

*वरिष्ठ नागरिकों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण, विधिक अधिकारों की दी जानकारी*

कवर्धा, अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बैगा बाहुल्य क्षेत्र बोड़ला के मंगल भवन में जिला स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह, कार्यशाला एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिले में पहली बार विशेष रूप से बैगा बाहुल्य क्षेत्र बोड़ला में आयोजित इस कार्यक्रम में 60 से अधिक बैगा वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर पंचायत बोड़ला के अध्यक्ष श्री विजय पाटिल, उपाध्यक्ष श्री लव कुमार निर्मलकर, सांसद प्रतिनिधि श्री नरेश चंद्रवंशी, जनपद सदस्य श्री यशवंत सिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री सुकलाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

*स्वास्थ्य जांच के साथ दी गई योजनाओं की जानकारी*

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने बीपी, शुगर, नेत्र एवं दंत संबंधी जांच की। साथ ही आयुष्मान कार्ड, वयोवंदन कार्ड, टीबी, कुष्ठ रोग, मलेरिया सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक पाटले, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मंथन पाण्डेय, सुश्री आकांक्षा लिखार, श्री अमित पटेल एवं श्री भूपेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श दिया।

*वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों की दी जानकारी*

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कबीरधाम से उपस्थित विधिक सलाहकार श्री सालिकराम बांधवे ने वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, संरक्षण एवं भरण-पोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया। उपसंचालक समाज कल्याण श्रीमती अभिलाषा पण्डा ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

*सांसद ने शॉल-श्रीफल से किया सम्मान, वॉकिंग स्टिक भी बांटी*

मुख्य अतिथि सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने अपने संबोधन में समाज और परिवार में वरिष्ठ नागरिकों के महत्व को रेखांकित किया तथा उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने सभी वरिष्ठ नागरिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा वॉकिंग स्टिक का वितरण किया। कार्यक्रम के अंत में उपसंचालक समाज कल्याण श्रीमती अभिलाषा पण्डा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत बोड़ला के सीईओ श्री योगेश वर्मा, बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत, नगर पंचायत बोड़ला के सीएमओ श्री प्रणव प्रवेश प्रधान, नायब तहसीलदार श्री अर्जुन साव, अधीक्षक श्री देवकुमार कौशिक सहित समाज कल्याण विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button