“योग, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण” विषय पर भेंट-मुलाकात कार्यक्रम आयोजित
कांकेर/भानुप्रतापपुर। जन-जन तक योग की अलख जगाने और योग को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा भानुप्रतापपुर के मंगल भवन में “योग, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण” विषय पर भेंट-मुलाकात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम तहसील पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान न्यास, महिला पतंजलि, युवा भारत, किसान पंचायत भानुप्रतापपुर एवं नगर पंचायत भानुप्रतापपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य, जनकल्याण तथा समाज में सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि भानुप्रतापपुर के नाम में ही “भानु” है। भानु अर्थात सूर्य, जिसका प्रताप कभी कम नहीं होता। जहां भानु का प्रकाश हो, वहां अंधकार हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि इसी प्रकाश, ऊर्जा और सकारात्मकता को योग के माध्यम से हर व्यक्ति के जीवन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और सकारात्मक विचारों का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
संजय अग्रवाल ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें और इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज से ही योग को जन-जन और गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लें, तो निश्चित रूप से स्वस्थ समाज के साथ भारत का भविष्य भी और बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार के सदस्यों ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शरीर और मन को स्वस्थ रखने में सहायक है। योग को स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र बताते हुए लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश किसान मोर्चा भाजपा के नरोत्तम चौहान, नगर पंचायत भानुप्रतापपुर के अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर, गायत्री परिवार के जिला सचिव शिव प्रसाद कोर्राम, भारत स्वाभिमान के अध्यक्ष नरेश जैन एवं जिला कार्यवाह गोकुल साहू सहित तहसील पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान न्यास, महिला पतंजलि, युवा भारत, किसान पंचायत एवं नगर पंचायत भानुप्रतापपुर से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ योग आयोग का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक योग का संदेश पहुंचाना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ, निरोगी, जागरूक एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करना है।
The post योग से सकारात्मक ऊर्जा और स्वस्थ समाज का संदेश, संजय अग्रवाल ने किया जन-जन से योग अपनाने का आह्वान appeared first on ShreeKanchanpath.

