पुलिस बल की दस्तक से असामाजिक तत्वों में मची हड़कंप
भिलाई। रेलवे परिसरों और नजदीकी कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शासकीय रेलवे पुलिस ( जीआरपी ) की टीम ने अलसुबह स्टोर पारा पुरैना क्षेत्र में एक विशेष व व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खासकर असामाजिक तत्वों में सुबह सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी देख अफरा-तफरी सी मच गई।अभियान का मुख्य उद्देश्य बाहर से आकर किराए के मकानों में रह रहे लोगों की पहचान सुनिश्चित करना और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ करना था।
तड़के शुरू हुए इस चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस बल ने घर-घर जाकर बाहरी जिलों व राज्यों से आकर किराए पर रह रहे लोगों की गहन जांच-पड़ताल की। पुलिस अधिकारियों द्वारा रहवासियों से उनके पहचान पत्र, विशेष रूप से आधार कार्ड और मूल निवास संबंधी दस्तावेज मांगे गए। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों के आधार कार्ड सत्यापन हेतु संग्रहित किए गए हैं, जिनकी जांच पुलिस रिकॉर्ड से कराई जाएगी। इसके साथ ही मकान मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराए पर मकान न दें।
इस बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान की कमान जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद संभाल रखी थी। कार्रवाई के दौरान जीआरपी भिलाई थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह, चरोदा चौकी प्रभारी गोपीनाथ पैकरा और दुर्ग चौकी प्रभारी राजेश मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस जवानों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर एक-एक गली और संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली।
अवैधानिक कृत्यों के चर्चित है इलाका
भिलाई-3 के नजदीक पुरैना का स्टोर पारा जुआ, सट्टा और नशे के अवैध कारोबार को लेकर हमेशा से सुर्खियों में रहा है। बाहर से आकर असामाजिक तत्वों के यहां रहने की सूचना समय – समय पर मिलती रहती है। वहीं अवैध कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के बीच आपसी प्रतिद्वंदिता के चलते मारपीट और हत्या जैसी वारदात घटनाएं कईं बार हो चुकी है। स्टोर पारा की बसाहट रेलवे की जमीन पर होने से कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी जीआरपी संभालती है। जबकि स्टोर पारा से लगे पुरैना का डाक-बंगला पारा भिलाई-3 और स्लैग डंप क्षेत्र भिलाई भट्ठी थाने में शामिल है।
सुरक्षा के लिए आगे भी जारी रहेगा अभियान
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, रेलवे ट्रैक और स्टेशन से सटे इलाकों में बाहरी व असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखना बेहद जरूरी है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए इस प्रकार के अचानक चलाए जाने वाले चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
The post रेलवे परिसरों की बस्तियों में बाहरी व किराएदारों की पहचान के लिए जीआरपी ने चलाया अभियान appeared first on ShreeKanchanpath.



