संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। इस परीक्षा की तैयारी के लिए अक्सर अभ्यर्थी सब कुछ छोड़कर दिन-रात पढ़ाई में लग जाते हैं। लेकिन पंजाब की जनदीप कौर ने यह साबित कर दिखाया कि अगर इरादे मजबूत हों और समय का टाइम मैनेजमेंट आता हो, तो फुल-टाइम नौकरी के साथ भी यूपीएससी जैसी परीक्षा में टॉप रैंक हासिल की जा सकती है। उन्होंने फुल-टाइम जॉब करते हुए अपने 5वें प्रयास में यूपीएससी सीएसई परीक्षा में 147वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर आईपीएस बनने का सपना सच कर दिखाया।
इंजीनियरिंग के बाद ssc CGL में मिली पहली सफलता
जनदीप कौर पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के एक छोटे से गांव चनार्थल खुर्द की रहने वाली हैं। उन्होंने पटियाला की प्रसिद्ध थापर यूनिवर्सिटी से ‘इलेक्ट्रॉनिक्स इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल’ में बी.टेक की पढ़ाई पूरी की। बी.टेक के बाद उन्होंने साल 2018 में एसएससी सीजीएल (SSC CGL) की परीक्षा दी, जिसमें उन्होंने पूरे देश में 68वीं रैंक हासिल की। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में इंस्पेक्टर के पद पर हुआ।
आईआरएस अधिकारियों से मिली यूपीएससी की प्रेरणा
आयकर विभाग में पटियाला में ड्यूटी के दौरान जनदीप का सामना रोजाना वरिष्ठ भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारियों से होता था। उनके काम करने के अंदाज, निर्णय लेने की क्षमता और समाज पर उनके प्रभाव को देखकर जनदीप के मन में सिविल सर्वेंट बनने की इच्छा जागी। इसके बाद उन्होंने तय कर लिया कि उन्हें भी यूपीएससी की परीक्षा पास कर देश सेवा में जाना है।
वर्किंग प्रोफेशनल के रूप में सेल्फ-स्टडी और टाइम मैनेजमेंट
एक इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के रूप में 9 से 5 की नियमित नौकरी करते हुए यूपीएससी की तैयारी करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। किसी ऑफलाइन कोचिंग क्लास में जाना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने पूरी तरह से सेल्फ-स्टडी पर भरोसा जताया।उन्होंने पूरे सिलेबस को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटा और ऑनलाइन वीडियो, यूट्यूब तथा इंटरनेट के विभिन्न स्टडी मटेरियल्स का उपयोग किया। दिनभर ऑफिस का काम खत्म करने के बाद वे रात के घंटों और वीकैंड की छुट्टियों का पूरा उपयोग पढ़ाई के लिए करती थीं।
चार असफलताओं के बाद 5वें प्रयास में मिली ऐतिहासिक सफलता
यूपीएससी का सफर जनदीप के लिए आसान नहीं रहा। लगातार चार प्रयासों में मन मुताबिक सफलता न मिलने के बावजूद उन्होंने अपनी गलतियों से सीखा और सुधार किया। आखिरकार, अपने 5वें प्रयास (UPSC CSE 2023/24) में उन्होंने 147वीं रैंक के साथ सफलता का परचम लहराया और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुनी गईं।
फिलहाल, जनदीप कौर हैदराबाद स्थित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी’ (SVPNPA) में आईपीएस अधिकारी के रूप में अपना कड़ा प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी यह कहानी उन सभी अभ्यर्थियों और कामकाजी युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है जो नौकरी के साथ यूपीएससी पास करने का सपना देखते हैं।





