Blog

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की कॉलोनियों में लाखों रुपये का मेंटेनेंस शुल्क बकाया

रायपुर रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की बहुमंजिली  भवन हिमालयन हाइट्स, डूमरतराई एवं बोरियाकला कॉलोनियों में हितग्राहियों द्वारा लैंड मेंटेनेंस चार्ज (एल.एम.सी.), कॉमन मेंटेनेंस चार्ज (सी.एम.सी.) तथा जल प्रभार का नियमित भुगतान नहीं किए जाने के कारण कॉलोनियों के रखरखाव एवं नागरिक सुविधाओं के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मंडल द्वारा कॉलोनियों में सड़कों, नालियों, उद्यानों, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य रखरखाव कार्यों पर नियमित व्यय किया जाता है। इन कार्यों के लिए आवश्यक राशि एल.एम.सी., सी.एम.सी. एवं जल प्रभार के माध्यम से प्राप्त होती है।

निर्धारित शुल्क समय पर जमा नहीं होने से इन आवश्यक सेवाओं के संचालन एवं रखरखाव पर वित्तीय दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से लिफ्टों के नियमित संचालन एवं रखरखाव, विद्युत देयकों (बिजली बिल) के समय पर भुगतान तथा कॉलोनियों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों के सुचारु संचालन में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। इससे कॉलोनियों में उपलब्ध कराई जाने वाली नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

portal add

हिमालयन हाइट्स, डूमरतराई कॉलोनी में लगभग 800 आबंटित भवनों के विरुद्ध 197 हितग्राहियों से लगभग रु.185.35 लाख की मेंटेनेंस शुल्क राशि बकाया है। इनमें से रु.1.50 लाख से अधिक के 13 रहवासी, रु.1.00 लाख से रु.1.50 लाख के 50 रहवासी, रु.50 हजार से रु.1.00 लाख के 130 रहवासी तथा रु.50 हजार तक के 4 रहवासी की बकाया राशि लंबित है।

इसी प्रकार बोरियाकला कॉलोनी में लगभग 4,155 आबंटित भवनों के विरुद्ध 1716 हितग्राहियों से लगभग रु.345.20 लाख की मेंटेनेंस शुल्क राशि बकाया है। इनमें से रु.1.50 लाख से अधिक के 1 रहवासी, रु.1.00 लाख से रु.1.50 लाख के 5 रहवासी, रु.50 हजार से रु.1.00 लाख के 216 रहवासी तथा रु.50 हजार तक के 1494 रहवासी की बकाया राशि लंबित है।

मंडल के अधिकारियों के अनुसार मेंटेनेंस शुल्क की बकाया राशि लगातार बढ़ने से कॉलोनियों में आवश्यक रखरखाव कार्य समय पर कराना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। इसका सीधा प्रभाव कॉलोनियों की समग्र व्यवस्था तथा रहवासियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सामुदायिक सुविधाओं पर पड़ रहा है।

बकाया राशि की वसूली हेतु प्रक्षेत्र रायपुर के संबंधित संभाग कार्यालय द्वारा सभी बकायादार हितग्राहियों को नोटिस जारी कर बकाया मेंटेनेंस शुल्क, एल.एम.सी., सी.एम.सी. एवं जल प्रभार की राशि शीघ्र जमा करने हेतु अनुरोध किया गया है। नोटिस में हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे समय पर बकाया राशि का भुगतान करें, जिससे कॉलोनियों के रखरखाव, लिफ्ट संचालन, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ मंडल द्वारा निरंतर एवं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जा सकें।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, प्रक्षेत्र रायपुर के अपर आयुक्त एस.के. भगत ने सभी बकायादार हितग्राहियों से अपील की है कि वे एल.एम.सी., सी.एम.सी. एवं जल प्रभार की बकाया राशि शीघ्र जमा कर मंडल को कॉलोनियों के सुचारु रखरखाव, लिफ्ट संचालन, स्वच्छता व्यवस्था तथा बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में बकाया राशि जमा नहीं की जाती है, तो मंडल के नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

The post छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की कॉलोनियों में लाखों रुपये का मेंटेनेंस शुल्क बकाया appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button