रायपुर। महतारी वंदन योजना के लिए नई पात्र महिलाओं को आवेदन करने का मौका मिलेगा। राज्य सरकार जल्द ही योजना के तहत नए आवेदकों व वंचित रही महिलाओं के लिए पोर्टल खुलेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि योजना के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री से सहमति मिल चुकी है। विभागीय स्तर पर तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संभावना है कि जल्द ही पोर्टल आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
सरकार चरणबद्ध तरीके से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की योजना बना रही है। पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पात्र महिलाओं के लिए पंजीयन और आवेदन की सुविधा शुरू की जाएगी। यह पहल उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगी जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं या पात्र होने के बावजूद योजना की सूची में शामिल नहीं हो सकी थीं।
नए पंजीयन के माध्यम से उन्हें भी योजना का लाभ मिलने का रास्ता खुलेगा। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। पोर्टल शुरू होने के बाद इच्छुक महिलाएं निर्धारित दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर जल्द विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
The post नई पात्र महिलाओं को मिलेगा महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन का मौका… जल्द खुलेगा पोर्टल appeared first on ShreeKanchanpath.


