Blog

सीसीपीएल 2026 : अमनदीप के लगातार दूसरे सैकड़े से जीता रायपुर, बिलासपुर भी चमका

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग के तीसरे शहीद वीर नारायण सिंह अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम नवा रायपुर में दो मैच खेले गए। शुक्रवार को पहला मैच सरगुजा टायगर्स तथा रायपुर रायनोस के बीच खेला गया। इस मैच में रायपुर के स्टार बल्लेबाज अमनदीप खरे ने लगातार दूसरा शतक जड़ा और अपनी टीम को जीत दिलाई। वहीं दूसरे मैच में बिलासपुर बुल्स की टीम ने राजनांदगांव पैंथर्स को 8 विकेट से हराया।

पहले मैच में रायपुर रायनोस ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया।सरगुजा टायगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुये निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 186 रन बनाये। सरगुजा टायगर्स की ओर से प्रारंभिक बल्लेबाज एवं कप्तान आशुतोष सिंह ने 65 रन बनाये, साथ ही आनंद राव ने नाबाद 44 रन तथा सानिध्य हुरकत ने 31 रनों का योगदान दिया। रायपुर रायनोस की ओर से आशिष चौहान तथा गौरव चतुर्वेदी ने 2-2 विकेट प्राप्त किये।

187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर रायनोस ने 19.1 ओवरों में 1 विकेट खोकर 189 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया। उनकी शुरुवात अच्छी रही, प्रारंभिक बल्लेबाज अमनदीप खरे ने लगातार दो मैचों में शतक लगाते हुये 62 गेंदों में 11 चौको तथा 3 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाये। उनके अतिरिक्त अमित कुमार यादव ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुये 74 रन बनाये। दोनों के मध्य पहले विकेट के लिये रिकार्ड 155 रनों की साझेदारी हुयी। सरगुजा टायगर्स की ओर से हर्ष यादव ने 1 विकेट प्राप्त किया। रायपुर लायंस ने 9 विकेट से मैच जीत लिया। अमनदीप खरे प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

बिलासपुर बुल्स ने राजनांदगांव पैथर्स को 8 विकेट से हराया
शुक्रवार को दूसरा मैच राजनांदगांव पैंथर्स तथा बिलासपुर बुल्स के मध्य खेला गया। राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। राजनांदगांव पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुये निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 133 रन बनाये। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से प्रारंभिक बल्लेबाज तथा कप्तान अजय मंडल ने 31 रन, ऐश्वर्य मार्या ने नाबाद 26 रन तथा आर्यन जायसवाल ने 24 रन बनाये। वही बिलासपुर बुल्स की ओर से हर्ष राठौर तथा भरत गोंडवानी ने 2-2 विकेट प्राप्त किये। 134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स ने 13.1 ओवरों में 2 विकेट खोकर 135 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया। बिलासपुर बुल्स की ओर से अभिजीत ताह ने 64 रन तथा आयुष पांडे ने 51 रन बनाये। उनके मध्य पहले विकेट के लिये 100 रनों की साझेदारी हुयी। राजनांदगांव पैथर्स की ओर से अजय मंडल ने 2 विकेट प्राप्त किये। बिलासपुर बुल्स ने 8 विकेट से मैच जीत लिया। अभिजीत ताह प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

The post सीसीपीएल 2026 : अमनदीप के लगातार दूसरे सैकड़े से जीता रायपुर, बिलासपुर भी चमका appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button