फ़ुकुशिमा दाइइचि परमाणु ऊर्जा संयंत्र के संचालक का कहना है कि उसने रिएक्टर नंबर 2 के भंडारण कक्ष से ईंधन की छड़ें हटानी शुरू कर दी हैं।
तोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी, टेप्को ने मंगलवार दोपहर को यह प्रक्रिया शुरू की। टेप्को ने परमाणु ईंधन को सुरक्षित रूप से ठंडा न कर पाने की स्थिति में समस्या का खतरा कम करने के लिए इन छड़ों को हटाने का निर्णय लिया है।
2011 में परमाणु ऊर्जा संयंत्र में हुई दुर्घटना के पंद्रह साल बाद भी, रिएक्टर नंबर 2 के भंडारण कक्ष में कुल 615 छड़ें रखी हुई हैं। इनमें से 587 इस्तेमालशुदा हैं जबकि 28 का उपयोग नहीं हुआ।
श्रमिकों ने मंगलवार को रिमोट से संचालित एक विशेष क्रेन का उपयोग करके इस्तेमाल नहीं की गयी छड़ों को हटा कर, उन्हें धातु के कंटेनरों में रखना शुरू कर दिया। भविष्य में इन्हें एक उन्नत प्रशीतन प्रणाली वाले सुविधा केंद्र में स्थानांतरित किया जाएगा।
टेप्को की अगले दो वर्षों में सभी 615 छड़ें निकलने की योजना है। उसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2028 की दूसरी छिमाही में इस प्रक्रिया को पूरा करना है।





