रायपुर। महासमुंद जिले के विकासखंड पिथौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत छिबर्रा में हर घर जल के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीण जनों के जीवन में खुशहाली आई है। 30 दिसंबर 2025 को ग्राम छिबर्रा ने हर घर जल प्रमाणीकरण पूर्ण कर यह उपलब्धि हासिल की है। गांव के कुल 278 घरों में नल कनेक्शन प्रदान कर प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह केवल घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राम पंचायत के स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल एवं आंगनवाड़ी जैसे सभी सार्वजनिक संस्थानों में भी नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे संपूर्ण गांव को स्वच्छ जल की सुविधा प्राप्त हो रही है। इस उपलब्धि में ग्राम पंचायत का नेतृत्व एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रहा है। सरपंच नंदनी दीवान एवं पंचायत सचिव लोकेश पटेल के मार्गदर्शन में जल जीवन मिशन को प्रभावी रूप से लागू किया गया।

योजना के सफल संचालन एवं दीर्घकालिक रखरखाव के लिए ग्राम स्तर पर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा, पिथौरा में बैंक खाता संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक परिवार से 60 रुपये प्रतिमाह जलकर के रूप में संग्रह किया जाता है। यह व्यवस्था योजना की स्थिरता एवं निरंतरता सुनिश्चित करने में विशेष भूमिका निभा रही है। परियोजना की कुल लागत 113.30 लाख रुपये रही, जिसके अंतर्गत 60 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी टंकी का निर्माण एवं लगभग 1520 मीटर पाइपलाइन बिछाकर सुदृढ़ जल वितरण प्रणाली विकसित की गई है।
इस योजना से लाभान्वित हितग्राही सुकृति बताती हैं कि अब उन्हें स्वच्छ पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय की बचत के साथ-साथ स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है।
The post हर घर जल योजना: ग्राम छिबर्रा के 278 घरों में पहुंच रहा स्वच्छ पेयजल appeared first on ShreeKanchanpath.




