भिलाई। कैंप-2 तालाब में बुधवार को नहाने गए शख्स की डूबने से मौत हो गई। शख्स नहाते समय बीच तालाब में डूब गया, आसपास के लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम पहुंची। रात तक रेस्क्यू चला और उसके बाद रोक दिया गया। गुरुवार की सुबह फिर से तलाशी शुरू की गई। बीच तालाब में दलदली जगह पर शख्स का शव धंसा मिला। छावनी पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-तालाब का है। मृतक की पहचान संतोष यादव पिता बिसौहा यादव उम्र 48 शारदा पारा कैंप 2 भिलाई के रूप में हुई है। संतोष एक अच्छा तैराक था और तालाब को एक छोर से दूसरे छोर तक पार कर जाता था। रोज वह तालाब में ही नहाता था। बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे वह नहाने गया। नहाने के दौरान वह तैरते तैरते बीच तालाब तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह डूबता चला गया।
तालाबा के पास मौजूद आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरफ को सूचना दी गई। जिला सेनानी नागेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। डीप डाइविंग जवान चंद्रप्रताप जघेंल, ओंकार, भानुप्रताप व राजकुमार यादव ने तलाशी शुरू की। रात लगभग 7:30 बजे तक तलाश करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली।
ज्यादा रात होने के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह 7 बजे डीप डाइविंग जवान फिर से पहुंचे और तलाश शुरू की। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 9:30 बजे संतोष यादव के शव को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्ट मार्टम के लिए सुपेला मरच्यूरी भेज दिया।
The post Breaking News : कैंप-2 तालाब में डूबने से शख्स की मौत, बीच तालाब दलदल में धंसी मिली लाश appeared first on ShreeKanchanpath.



