नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में जहां लोग एक दूसरे से बहुत ज्यादा मतलब नहीं रखते हैं. वहीं, यहां की सड़कों पर इन दिनों एक ऑटो चालक सड़क पर चलने वाले लोगों के साथ-साथ अपनी ऑटो में बैठने वालों को बड़े ही प्यार और निस्वार्थ के साथ नि:शुल्क पानी पिला रहा है. पानी भी फिल्टर वाला एकदम ठंडा- ठंडा होता है, जिसे पीकर न सिर्फ आपकी प्यास बुझ जाएगी. बल्कि आप तरोताजा महसूस करने लग जाएंगे.इंसानियत की मिसाल पेश करने वाले इस ऑटो चालक का नाम दिनेश कुमार है. जो कि 55 साल के हैं और देश की राजधानी दिल्ली के करोल बाग के रहने वाले हैं. वह बीते 4 सालों से तपती हुई गर्मी में लोगों को ठंडा- ठंडा पानी पिला रहे हैं. यही नहीं, दिनेश कुमार भीषण गर्मी में सड़कों पर यातायात संभाल रहे ट्रैफिक पुलिस अफसर के साथ-साथ सड़क पर घूमने वाले पशु-पक्षियों तक को पानी पिलाकर उनकी प्यास को बुझा रहे हैं.दिल्ली में वह बीते 15 सालों से ऑटो चला रहे हैं. उनकी ऑटो में कोई जब भी बैठता था, खास तौर पर गर्मियों के मौसम में तो यात्री सबसे पहले यही पूछते थे कि ‘भैया आपके पास पानी है क्या’ उनका जवाब होता था’ नहीं ‘… तब यात्री किसी न किसी दुकान पर रुकवा कर 20 रूपये खर्च करके पानी की बोतल लेते थे. यह देखकर उन्हें सोचने पर काफी मजबूर होना पड़ा और उन्होंने सोचा जो लोग दिल्ली में काम कर रहे हैं या जो बच्चे पढ़ाई-लिखाई कर रहे हैं वो ज्यादातर ऑटो से ही सफर करते हैं या फिर कई किलोमीटर दूर पैदल चलकर मेट्रो स्टेशन तक जाते हैं.
ऐसे में इस तपती गर्मी में किसी को भी प्यास परेशान ना कर सके. इसलिए इन्होंने अपनी ऑटो में फिल्टर लगाने की ठानी, लेकिन उनके सामने बहुत सारी चुनौतियां थी. पहली चुनौती यह थी कि आखिर फिल्टर को ऑटो में फिट कैसे करेंगे, लेकिन जब इन्होंने इंटरनेट का सहारा लेकर ऑटो में फिल्टर फिट करने की जानकारी हासिल की. तब इन्हें समझ में आया कि फिल्टर कैसे लगेगा.
अपनी जेब से खर्च कर दिए हजारों रुपए
ऑटो चालक दिनेश कुमार बताते हैं कि इस फिल्टर को लगाने के लिए उन्होंने स्टैंड खरीदा. फिर फिल्टर खरीदा और तो और एक छोटा फ्रिज लिया. ताकि बर्फ जमा सके और इसके अलावा इन्होंने अपने घर में आरओ लगवाया. ताकि यात्रियों को साफ और ठंडा पानी पिला सकें. कुल मिलाकर उनका खर्चा 20000 रुपए से भी ज्यादा का हुआ, लेकिन उन्होंने लोगों की सेवा के लिए बड़ी मुश्किल से 20,000 रुपए जुटाए और इस पूरी व्यवस्था को किया.
वह कहते हैं कि उनके दो बच्चे हैं. दोनों की शादी हो चुकी है और पत्नी के साथ वह करोल बाग में रहते हैं. अब सेवा भाव के लिए अपने आप को समर्पित कर दिया है. वह ना सिर्फ इंसान, बल्कि पशु पक्षियों को भी पानी पिलाते हैं और इस तपती गर्मी में सभी को ऐसा सोचना चाहिए.





