Blog

​न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर का होली मिलन समारोह, सांसद बघेल सहित कलेक्टर-एसपी हुए शामिल

भिलाई । न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर द्वारा सोमवार को होली मिलन समारोह का आयोजन आकाश गंगा प्रेस परिसर गार्डन में किया गया। एक दिन पहले चुनी गई नई कार्यकारिणी ने 12 घंटे से भी कम समय में एक वृहद आयोजन को सफलता पूर्वक संपन्न किया। कार्यक्रम में दुर्ग के सांसद विजय बघेल, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल सहित शहर के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भिलाई के पत्रकारों के साथ जनप्रतिनिधियों ने जमकर होली खेली।

portal add kd public school 03 month start 16 feb 26 15 may 26

कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई केवल एक औद्योगिक नगरी ही नहीं, बल्कि “प्रेम नगरी” के रूप में भी अपनी पहचान रखती है। यहां की सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारा पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का ऐसा सजग और जागरूक वर्ग है जो सच्चाई को सामने लाकर लोकतंत्र को सशक्त बनाता है। सांसद बघेल ने कहा  “आप सभी मुझे एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ भाई और मित्र के रूप में भी सदैव पायेंगे। वरिष्ठ और कनिष्ठ पत्रकारों के बीच समन्वय एवं एकता ही पत्रकारिता की वास्तविक ताकत है।” होली के पावन अवसर पर उन्होंने सभी को रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सौहार्द एवं सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

कलेक्टर व एसएसपी ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्टर अभिजीत सिंह व एसएसपी विजय अग्रवाल ने होलिका दहन की परंपरा निभाई। अपने संबोधन में कलेक्टर सिंह ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले की कमान संभाले उन्हें एक वर्ष हुआ है और इस दौरान पत्रकारों का काफी सहयोग मिला है। प्रशासनिक कार्यों में दक्षता लाने में पत्रकारों की कलम का सहयोग रहता है। हमारी कमियों को उजागर कर एक तरह से मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने भिलाई प्रेस क्लब के सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि होली के मौके पर पुलिस की जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है। शहर की सुरक्षा व हुडदंगियों से निपटने की चुनौती होती है। इस बीच होली मिलन समारोह जैसे आयोजन सुकून देते हैं। एसएसपी अग्रवाल ने भी सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

सांसद ने गाया “मोर संग चलों गा” गीत
कार्यक्रम के सांस्कृतिक चरण में सांसद बघेल ने मंच पर “मोर संग चलों गा” गीत गाकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। प्रसिद्ध कलाकार लक्ष्मण मस्तुरिया के गीतों की प्रस्तुति ने भी माहौल को रंगारंग बना दिया। वहीं पत्रकार शमशेर द्वारा प्रस्तुत गीत-गज़ल “होली कैसे मनाऊं लाला…” को श्रोताओं ने खूब सराहा। उनके व्यंग्यात्मक अंदाज़ ने कार्यक्रम में हास्य और मनोरंजन का रंग भर दिया। समारोह के अंत में आपसी सौहार्द के साथ अबीर-गुलाल लगाकर सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान भिलाई निगम के महापौर नीरज पाल, एचटीसी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह छोटू, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, श्रीराम जन्मोत्सव समिति के मनीष पाण्डेय मलकीत सिंह, जोगा राव आदि ने भी शिरकत की। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का सम्मान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, महासचिव दिलीप शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौहान, कोषाध्यक्ष दिनेश चौहान, उपाध्यक्ष जयप्रकाश आर्य, रघुनंदन पंडा, कार्यालय सचिव मोहन राव, सचिव जोगिंदर सिंह, गौकरण निषाद, सह सचिव भोपाल देवांगन सहित कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार आर्य, सोनू यादव, पी मोहन, सर्वेस सिंह, योगेश वर्मा व सुरेन्द्र ठाकुर व सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान भिलाई एएसपी सुखनंदन राठौर, सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव, एसआर हॉस्पिटल के डायरेक्टर संजय तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय नायक, प्रभुनाथ मिश्र, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, महेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

The post ​न्यू प्रेस क्लब ऑफ भिलाई नगर का होली मिलन समारोह, सांसद बघेल सहित कलेक्टर-एसपी हुए शामिल appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button