सरकार की नीतियों के विरोध में प्राइवेट बस ऑॅपरेटर्स ने सोमवार आधी रात से ही प्रदेशव्यापी बेमियादी चक्का जाम का ऐलान कर दिया है।
इसलिए आज से जिले की 400 निजी बसों के चक्काजाम हो गई हैं। हालांकि रोडवेज की बसें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चलेंगी। चित्तौड़गढ़ प्राइवेट बस एसोसिएशन के जिला सचिव इरशाद मोहम्मद शेख ने बताया कि प्रदेशव्यापी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के आह्वान पर जिले में भी एक बैठक में निर्णय किया है कि सोमवार मध्यरात्रि से जिले की समस्त प्रकार की बसें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेगी। इस कारण से मंगलवार को निजी बसों के चक्के जाम रहेंगे। इसका असर स्लीपर कोच, स्टेज कैरिज, ग्रामीण रूटों पर संचालित बसे सेवाओं पर पड़ेगा। इस दौरान जिले में करीब 400 बसों का संचालन नहीं होगा। ज्यादातर ग्रामीण रूटों पर प्राइवेट बसें ही चलती हैं।
चक्काजाम के चलते निजी बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहने से मंगलवार को करीब 10 हजार यात्रियों को परेशानियों के दौर से गुजरना पड़ेगा। सरकार ने एक सितंबर 2025 से नए नियम लागू किए हैं, लेकिन प्राइवेट बस ऑपरेटरों का कहना है कि यह नियम पुराने वाहनों पर भी थोपे जा रहे हैं। पुरानी गाड़ियों को नियमों के अनुसार ही फिटनेस, परमिट मिला हुआ है।गाड़ियां टैक्स दे रही हैं। अब गाड़ी को वापस काटना संभव नहीं है। चित्तौड़गढ़ प्राइवेट बस एसोसिएशन के जिला सचिव इरशाद मोहम्मद शेख ने बताया कि नियम एस-052, 153 एवं 119 (वर्ष 2019 व 2025 में लागू) की आड़ में 20 वर्ष पुराने वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। वैध दस्तावेज होने के बावजूद भारी चालान, आरसी निलंबन और बसों को सीज करने जैसी कार्यवाहियों से रोष व्याप्त है।





