चार दिन पहले जंगल में मिली थी लाश, आपसी रंजिश के बाद रची हत्या की खौफनाक साजिश
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में तीन दिन पहले मिली लाश का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। आपसी रंजिश व एक थप्पड़ का बदला लेने हत्या की खौफनाक साजिश रची गई। आरोपी ने युवक का कुल्हाड़ी से गला काट दिया। कटे हुए सिर को एक थैली में भरकर तालाब किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी के मोबाइल से हत्या का एक वीडियो मिला। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है वहीं दूसरा फरार है।
बता दें यह मामला विश्रामपुरी थाना क्षेत्र का है। 5 दिसंबर को विश्रामपुरी जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति की सर कटी लाश मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव का सिर धड़ से पूरी तरह गायब था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हत्या माना। एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की और फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने शव के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान बाड़ागांव निवासी लछीन्दर पांडे के रूप में की।
शिनाख्ती के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
शव की शिनाख्ती के बाद पुलिस के लिए आरोपी तक पहुंचना आसान हो गया। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से पता चला कि मृतक लछीन्दर का कुछ दिन पहले विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार में श्यामलाल नेताम और रामू नेताम से विवाद हुआ था। उसने विवाद के दौरान श्यामलाल नेताम को थप्पड़ जड़ दिया था। पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि लछीन्दर आदतन बदमाश था। आए दिन लोगों से झगड़ा करता था।
संदेही के मोबाइल में मिला वीडियो
पुलिस ने संदेह के आधार पर श्यामलाल नेताम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पुलिस को गुमराह करना शुरू कर दिया। इसके बाद जब पुलिस ने संदेही का मोबाइल चेक किया तो उसमें एक वीडियो मिला जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। वीडियो में हत्या का पूरा प्रकरण रिकार्ड था। इससे पूरा मामला खुल गया। पुलिस की सख्ती से पूछताछ के बाद श्यामलाल ने पूरी सच्चाई बता दी। उसने बताया कि लछीन्दर को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जाया गया। सड़क से लगभग 1 किलोमीटर भीतर ले जाकर कुल्हाड़ी और टंगिए से लगातार 17 वार किए गए। फिर लछीन्दर का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। कटे हुए सिर को एक थैली में भरकर तालाब किनारे गड्ढा खोदकर दफनाया गया। फिलहाल आरोपी श्यामलाल नेताम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा आरोपी रामू नेताम फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
The post कोंडागांव मर्डर का खुलासा : एक थप्पड का बदला लेने कुल्हाड़ी से काट दिया सिर appeared first on ShreeKanchanpath.



