जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल दुष्कर्म के कारण युवती गर्भवती हो गई तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया था। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके बाद आरोपी को जमानत मिली तो वह फरार हो गया। इस मामले में कोर्ट स्थायी वारंट निकाला। जशपुर पुलिस ने खोजबीन शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर फिर से जेल भेज दिया।
बता दें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुराने प्रकरणों में फरार आरोपियों की धर पकड़ हेतु विशेष अभियान ऑपरेशन अंकुश चलाया जा रहा है, जिसके तहत जशपुर पुलिस को दुष्कर्म के मामले में फरार एक स्थाई वारंटी को पकड़ने में सफलता मिली है। वर्ष 2022 में थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत एक 27 वर्षीय युवती ने थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम का रहने वाला रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह ने शादी का झांसा देकर युवती से लगातार दुष्कर्म करता रहा। इस कारण युवती गर्भवती हो गई तो शादी से इंकार करने लगा। मामले की शिकायत के बाद थाना तुमला में धारा 366, 376(2)(N) व एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
आरोपी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से फरार था। न्यायालय के द्वारा बार बार नोटिस जारी करने के बाद भी वह न्यायलय में उपस्थित नहीं हो रहा था, जिस पर न्यायालय के द्वारा आरोपी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था। इसके बाद पुलिस लगातार स्थाई वारंटी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह की लगातार पतासाजी कर रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर व टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि फरार आरोपी तपकरा क्षेत्र में है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम के द्वारा घेरा बंदी कर, फरार स्थाई वारंटी रामेश्वर उर्फ रमेश सिंह उम्र 28 वर्ष को हिरासत में लिया गया व उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि तुमला क्षेत्रांतर्गत एक युवती से दुष्कर्म के मामले में फरार स्थाई वारंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, ऐसे अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक सोनू सिंह व साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
The post शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भवती होने पर छोड़ा… जशपुर में जमानत लेकर हुआ फरार… अब गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.


