रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लूटेरी दुल्हन का भांडाफोड़ हुआ है। आरोप है कि दुल्हन ने चार-चार दुल्हों से शादी रचा ली। किसी को झूठे केस में फंसाने की धमकी, तो किसी के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज करने की बात कहकर वो पैसे ऐठती रही। इस मामले में अब कोर्ट के आदेश पर दुल्हन और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह महिला विभिन्न सामाजिक समूहों में बायोडाटा भेजकर शादी के लिए संपर्क करती और फिर शादी के बाद दहेज प्रताडऩा का झूठा आरोप लगाकर पैसे ऐंठ लेती थी। इस पूरे षड्यंत्र में उसकी मां भी शामिल थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस तरह से बनाती थी शिकार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के शुभम देवांगन (परिवर्तित नाम) ने इस मामले का खुलासा किया। शुभम की शादी मई 2023 में पूजा देवांगन उर्फ़ गीतांजलि से हुई थी। पूजा मूल रूप से आरंग की रहने वाली है और उसने एक सामाजिक ग्रुप में अपना बायोडाटा भेजा था। शुभम के परिवार ने इस पर प्रतिक्रिया दी और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे पूजा ने शुभम को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया और जल्द शादी करने का दबाव बनाने लगी।

शादी के कुछ महीनों बाद ही पूजा ने शुभम से दूरियां बना लीं और घर में विवाद करने लगी। उसने अलग रहने की जिद पकड़ ली, जिससे परेशान होकर शुभम रायपुर से अंबिकापुर शिफ्ट हो गया और वहां एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा। लेकिन पूजा ने मायके जाने की जिद पकड़ ली और लंबे समय तक वहीं रही। इस दौरान शुभम को संदेह हुआ और उसने मामले की तहकीकात शुरू कर दी।

जांच में यह सामने आया कि पूजा देवांगन पहले भी शादी कर चुकी थी और उसने अपने पहले पति से तलाक नहीं लिया था। शुभम को पता चला कि 2015 से 2023 के बीच पूजा ने चार शादियां की थीं। उसने उमेश देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन और लोकनाथ देवांगन से भी विवाह किया था। हर बार वह खुद को कुंवारी बताकर शादी करती थी और फिर दहेज प्रताडऩा के झूठे आरोप लगाकर पैसे वसूलती थी।
5 लाख के गहने लेकर फरार
शुभम के संदेह को तब और बल मिला जब पूजा ने घर में रखे करीब 5 लाख रुपये के गहने लॉकर से निकाल लिए। इनमें उसकी मां के गहने भी शामिल थे। इसके बाद वह मायके चली गई। शुभम ने जब गहराई से छानबीन की, तो पता चला कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र था, जिसमें पूजा की मां गायत्री देवांगन भी शामिल थी।
इस मामले में शुभम ने पुलिस और कोर्ट का सहारा लिया। करीब आठ महीने की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पुलिस को पूजा देवांगन और उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। मुजगहन थाना प्रभारी आशीष राजपूत ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ षड्यंत्र और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य पीडि़तों से भी बयान दर्ज कर रही है और महिला की तलाश में जुटी हुई है।
The post लूटेरी दुल्हन: चार दुल्हों को बनाया अपना शिकार, लाखों के गहने लेकर फरार, तलाश में जुटी पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.