Blog

बीजापुर आईईडी ब्लास्ट में 8 जवान व वाहन चालक शहीद, सीएम साय ने कहा- व्यर्थ नहीं जाएगी शहादत

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को नक्सलियों ने जवानों के वाहन को आईईडी ब्लास्ट से उड़ा दिया। इस हमले में डीआरजी के 8 जवान व एक वाहन चालक के शहीद होने की पुष्टि की गई है। बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी ने ब्लास्ट की पुष्टि की है। वहीं इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नक्सलियों की कायराना हरकत है। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।

मिली जानकारी के अनुसार  बीजापुर जिले के कुटरू के अम्बेली नाला के पास नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर फोर्स के वाहन को उड़ा दिया है। इसमें दंतेवाड़ा डीआरजी के 8 जवान और एक डाइवर सहित कुल 9 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं इस ब्लास्ट में 8 जवान गंभीर रूप से घायल हैं। घायल जवानों को विमान से बस्तर लाया जाएगा इसके बाद वहां से रायपुर लाने की तैयारी है। घायल जवानों और बलिदान हुए जवानों की संख्या बढ़ भी सकती है। छह से ज्यादा वाहनों में अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया। दंतेवाड़ा से अतिरिक्त बल रवाना किया गया है।

धमाके से वाहन के परखच्चे उड़े
बताया जा रहा धमाका इतना जोरदार था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी के पुर्जे 15 फीट ऊपर जाकर पेड़ पर लटके नजर आए। आईईडी विस्फोट में लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया। धमाके में जवानों के शव भी क्षत-विक्षत हो गए।इस हमले में घायल जवानों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है। घटनास्थल पर रेस्क्यू जारी है। पिकअप में डीआरजी के कई जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि लगभग 50 किलो का आईईडी विस्फोटक था जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि जवान पंखाजूर में नक्सल ऑपरेशन को अंजाम देने के बाद वहां से वापस लौट रहे थे। फोर्स ने पखांजूर ऑपरेशन में रविवार को पांच नक्सलियों को ढेर कर दिया था। इसके बाद जवान वापस लौट रहे थे। इस दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी विस्फोट कर वाहन को उड़ा दिया। आठ जवान गंभीर रूप से घायल हैं।

सीएम साय ने कहा- नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज  बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की दुःखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी निंदनीय और कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

The post बीजापुर आईईडी ब्लास्ट में 8 जवान व वाहन चालक शहीद, सीएम साय ने कहा- व्यर्थ नहीं जाएगी शहादत appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button