छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान फेंगल का असर दिख रहा है। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने कई जगहों पर बारिश की भी चेतावनी दी है। जगदलपुर में आज सुबह बूंदाबांदी हुई है। इसकी वजह से सर्दी महसूस हो रही है। बस्तर में तापमान सामान्य से 3 डिग्री बढ़कर 16 पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर बस्तर के हिस्सों में दिख रहा है। आज पूरे दिन बस्तर के अधिकतर हिस्सों में बदली छायी हुई है।
इधर बूंदाबांदी की वजह से किसान परेशान हैं। धान खरीदी पर भी इसका असर दिखेगा, वहीं धान के गीला होने की भी संभावना है। कई किसानों की खेतों में पड़ी फसल को बारिश से नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘फेंजल’ दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 30 नवंबर की दोपहर उत्तरी तमिलनाडु तट को पार करने की संभावना है। इसके प्रभाव से आज शनिवार को छत्तीसगढ़ में एक-दो जगह पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। साथी आगामी कुछ दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा और बादल छाए रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में 30 नवंबर यानी आज से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। रायपुर में बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। अधिकतम तापमान पर असर नहीं पड़ेगा। दक्षिणी छत्तीसगढ़ कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा में बारिश का हल्का दौर शुरू होने की संभावना है।