Blog

Breaking News : छत्तीसगढ़ में बनेगी फिल्म सिटी, पर्यटन का बढ़ेगा दायरा…. केन्द्र से मिली 147.66 करोड़ की स्वीकृति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों को मिला मजबूत आधार, आइकोनिक टूरिज्म प्रोजेक्ट्स के द्वारा मिलेगी नई पहचान

रायपुर। मुंबई व हैदराबाद की तरह अब छत्तीसगढ़ में भी फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को केंद्र सरकार से एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। केंद्र सरकार ने स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट 2024-25 के तहत राज्य की महत्वपूर्ण पर्यटन परियोजनाओं के लिए 147.66 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। 

स्वीकृत राशि से 95.79 करोड़ रुपए की लागत से माना तूता रायपुर में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का निर्माण तथा 51.87 करोड़ रुपए की लागत से माना तूता रायपुर में जनजातीय और सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में इन परियोजनाओं के शुरू होने से राज्य में पर्यटन ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी। ये योजनाएं रोजगार सृजन, विकास और छत्तीसगढ़ को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र में  स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।

केन्द्रीय पर्यटन मंत्री के समक्ष रखा था प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से 15 अक्टूबर 2024 को नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ की पर्यटन गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट योजना के तहत राजधानी रायपुर में फिल्म सिटी, कन्वेंशन सेंटर, वेलनेस रिसॉर्ट और नेचर सिटी के लिए लगभग 300 करोड़ रुपए के प्रस्ताव प्रस्तुत किए थे। जिसके परिप्रेक्ष में फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 147.66 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

फिल्म मेकिंग के साथ फिल्म टूरिज्म भी बढ़ेगा
पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के इस ठोस कदम से छत्तीसगढ़ में फिल्म मेकिंग और फिल्म टूरिज्म के लिए फिल्म सिटी निर्माण के माध्यम से अपार संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं। यह सफलता छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और राज्य को एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की दिशा में नए अवसर खोल रही है।

The post Breaking News : छत्तीसगढ़ में बनेगी फिल्म सिटी, पर्यटन का बढ़ेगा दायरा…. केन्द्र से मिली 147.66 करोड़ की स्वीकृति appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button