सीएम शुभेन्दु अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले, 25-25 लाख का मुआवजा देने का ऐलान
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पंडाल में शनिवार शाम को भगदड़ मच गई। हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 13 महिलाएं व दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में 25 लोग घायल हैं। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, शाम को बारिश होने लगी, इससे बचने के लिए कई लोग पंडाल के अंदर रुक गए। शाम 7:40 बजे बाहर खड़ी भीड़ भी पंडाल में आने की कोशिश करने लगी। इससे धक्का-मुक्की होने लगी और भगदड़ मच गई और यह हादसा हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने समिति के सदस्यों व सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में लिया है।
इधर हादसे के बाद शहर के कई दूसरे दुर्गा पूजा पंडाल भी बंद कर दिए गए हैं। हादसे के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी कोलकाता मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया। साथ ही, हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अगुवाई में जांच का आदेश दिया। शुभेंदु ने कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को पांच-पांच लाख की सहायता दी जाएगी। हादसे की जांच हाईकोर्ट के जज की अगुवाई वाली एसआईटी करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुःख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस त्रासदी में अपनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मुख्यमंत्री साय ने माँ दुर्गा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
The post कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पंडाल में भगदड़, 19 की मौत और 25 घायल appeared first on ShreeKanchanpath.



