*पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव ने जिले के सीमावर्ती थाना, पुलिस कैम्प एवं रक्षित केन्द्र का किया निरीक्षण*
*सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारी-जवानों से किया सीधा संवाद, सतर्कता एवं मुस्तैदी बनाए रखने के दिए निर्देश*
कबीरधाम जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) द्वारा जिले के विभिन्न थाना, पुलिस कैम्प एवं सुरक्षा बलों की तैनाती वाले महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना चिल्फी, कैम्प धवईपानी, कैम्प कबीरपथरा, कैम्प कुंण्डपानी, कैम्प बेंदा, थाना रेंगाखार, थाना झलमला, चौकी बाजार चारभाठा एवं रक्षित केन्द्र कवर्धा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित थाना/कैम्प की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों तथा पुलिस बल की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव ने अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उनकी ड्यूटी, कार्यप्रणाली एवं फील्ड में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जवानों को आश्वस्त किया कि ड्यूटी के दौरान आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या, आवश्यकता अथवा सुझाव को बेझिझक वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उसका समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं कैम्प प्रभारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रत्येक अधिकारी एवं जवान अपने निर्धारित कर्तव्यों के प्रति सजग एवं सतर्क रहें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित करते हुए उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों से कहा गया ,
– थाना एवं कैम्प परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत एवं व्यवस्थित रखा जाए।
– ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं जवान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
– संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए।
– थाना एवं कैम्प की सुरक्षा व्यवस्था में लगे सभी संसाधनों एवं उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखा जाए।
– रात्रिकालीन ड्यूटी एवं गश्त व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
– क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना का तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को संचार किया जाए।
– थाना क्षेत्रों में आने वाले फरियादियों एवं आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
– लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण करते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।
– पुलिस जवानों को अपने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों एवं महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
– किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया एवं समन्वय व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
– सभी अधिकारी एवं जवान अनुशासन, आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने कहा कि पुलिस की कार्यक्षमता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि जवानों के मनोबल, अनुशासन, सतर्कता और टीमवर्क से भी मजबूत होती है। उन्होंने अधिकारी एवं जवानों से संवाद करते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं ड्यूटी संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने जवानों को अपने स्वास्थ्य, फिटनेस एवं मानसिक तनाव का भी ध्यान रखने तथा कठिन परिस्थितियों में आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।
*रक्षित केन्द्र कवर्धा का भी किया निरीक्षण* निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा रक्षित केन्द्र कवर्धा का भी निरीक्षण किया गया। यहां उन्होंने पुलिस बल की व्यवस्थाओं, अनुशासन, ड्यूटी एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा पुलिस बल को आगामी कानून-व्यवस्था संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप सदैव तैयार रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था में थाना, चौकी, कैम्प एवं रक्षित केन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारी एवं जवान आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।





