भिलाई। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर एक सप्ताह में 6592 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बिना हेलमेट चलने वाले 4,140, नो पार्किंग के 978, बिना सीट बेल्ट के 513 तथा तीन सवारी चलाने वाले 434 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 48 वाहन चालकों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई हेतु प्रकरण तैयार किए गए तथा तेज रफ्तार, मोबाइल का उपयोग, नो-एंट्री उल्लंघन, ब्लैक फिल्म एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ लगातार जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया जा रहा है, जिससे नागरिकों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित हो तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्ग, व्यस्त बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर नियमित वाहन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं कर रहे थे, नो पार्किंग में वाहन खड़ा कर रहे थे, तीन सवारी बैठाकर वाहन चला रहे थे अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्वयं एवं अन्य नागरिकों के जीवन को जोखिम में डाल रहे थे। ऐसे सभी मामलों में मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार सर्वाधिक कार्रवाई बिना हेलमेट, नो पार्किंग, बिना सीट बेल्ट एवं तीन सवारी के मामलों में की गई है। यह दर्शाता है कि अनेक वाहन चालक अभी भी मूलभूत यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट, मृत्यु एवं गंभीर शारीरिक क्षति का प्रमुख कारण हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग न करना पाया गया है। इसी प्रकार शराब सेवन कर वाहन चलाना, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना तथा तेज गति से वाहन चलाना भी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं।
यातायात पुलिस दुर्ग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा समन्वित रूप से जिलेभर में लगातार वाहन जांच, यातायात प्रबंधन एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई, जिससे यातायात नियमों के पालन के प्रति नागरिकों में सकारात्मक जागरूकता बढ़ी तथा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क पर निकलते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय आईएसआई मानक हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नो-पार्किंग एवं नो-एंट्री नियमों का सम्मान करें। आपकी सतर्कता एवं नियमों का पालन ही सुरक्षित यातायात और सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क सुरक्षा हेतु सघन प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
The post सड़क सुरक्षा पर जोर : एक सप्ताह में दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने की 6592 वाहन चालकों पर कार्रवाई appeared first on ShreeKanchanpath.



