भिलाई। सुपेला पुलिस ने फरीद नगर व आसपास के क्षेत्रों में घर के बाहर खड़े ऑटो एवं टाटा-एस वाहनों से बैटरी चोरी करने वाले आरोपी को सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की चोरी की कुल 15 नग बड़ी बैटरियां जप्त कर प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। थाना सुपेला पुलिस द्वारा त्वरित एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की श्रृंखलाबद्ध घटनाओं का खुलासा कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की गई।
प्रार्थी कलीम खान द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने ऑटो क्रमांक CG-07-T-2874 को प्रतिदिन रात्रि में अपने घर के बाहर फरीद नगर, मुरम खदान, निजामी चौक, सुपेला में खड़ा करता है। दिनांक 30.07.2026 की सुबह वाहन की सफाई करते समय ऑटो की बैटरी गायब मिली। पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक अज्ञात व्यक्ति रात्रि लगभग 02:50 बजे ऑटो की बैटरी निकालकर ले जाते हुए दिखाई दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटनास्थल निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण एवं मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही इमरान कुरैशी को चिन्हित किया गया। पुलिस टीम द्वारा उसके निवास स्थान पर पहुंचकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने फरीद नगर एवं आसपास क्षेत्रों में घर के बाहर खड़े ऑटो एवं टाटा-एस वाहनों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी रात्रि के समय घरों के बाहर खड़े ऑटो एवं मालवाहक वाहनों की रेकी कर सुनसान समय का फायदा उठाते हुए बैटरियां निकालकर चोरी करता था तथा नशे की लत पूरी करने के उद्देश्य से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी के मेमोरण्डम कथन एवं निशानदेही पर विभिन्न कंपनियों की कुल 15 नग बड़ी बैटरियां बरामद कर जप्त की गईं। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक एस. एन. सिंह, आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह, सुरेन्द्र पटेल, गंभीर जाट एवं किशोर भगत की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें तथा संदिग्ध व्यक्तियों अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। प्राप्त सूचना पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
The post घर के बाहर खड़ी गाडियों से बैटरी चुराने वाला करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, 15 बैटरियां बरामद appeared first on ShreeKanchanpath.
