*पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव द्वारा मध्य रात्रि में थाना पिपरिया व चौकी दशरंगपुर का किया गया औचक निरीक्षण*
*थाना/चौकी में तैनात अधिकारी जवानों को पुलिसिंग व सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए*
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) ने गुरुवार मध्य रात्रि को थाना पिपरिया एवं चौकी दशरंगपुर का औचक निरीक्षण किया। पुलिस कप्तान द्वारा कबीरधाम जिला के कार्यभार संभालने के उपरांत लगातार जिले के अलग-अलग थाना चौकी का औचित निरीक्षण कर रहे हैं साथ ही अधिकारी कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर कार्य स्थल पर यदि कोई कमी पेशी है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पाया कि थाना एवं चौकी में पदस्थ अधिकारी और जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक ने रोजनामचा, ड्यूटी रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के संधारण एवं थाने की सुरक्षा व्यवस्था अधिकारी कर्मचारी के शासकीय आवासीय परिसर/ बैरिक, शासकीय वाहन, थाना परिसर, हथियार, तथा रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था का भी अवलोकन किया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, लंबित शिकायतों तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
श्री यादव ने अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया कि वे अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। साथ ही क्षेत्रवासी आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना और चौकी में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उन्हें त्वरित सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, समय पर सहायता और पुलिस के प्रति जनविश्वास बनाए रखना पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।





