*ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम अंतर्गत हो रहे कार्यों को देखने राज्य सलाहकार श्रीमती अभिलाषा आनंद पहुंची फील्ड*
*जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतो में पहुंचकर कार्यों का लिया जायजा*
कवर्धा, जुलाई 2026/ कबीरधाम ज़िले में चल रहे स्वच्छ भारत अभियान की गतिविधियों का निरीक्षण करने गत दिवस राज्य सलाहकार श्रीमती अभिलाषा आनंद ने ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत चयनित ग्राम पंचायत धरमपुरा, रुसे, एवं सारंगपुरकला में एफएसटीपी ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत में बने सेग्रीगेशन शेड का बारीकी से निरीक्षण किया। शेड में रखे सूखा, गीला, लाल और काला सहित चार प्रकार के कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को देखा और उपस्थित मैदानी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। कचरा कलेक्शन का निरीक्षण करते हुए राज्य सलाहकार ने कहा कि अलग-अलग प्रकार के कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने से न केवल स्वच्छता बेहतर होगी, बल्कि पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के माध्यम से यह स्व-सहायता समूहों और कचरा संग्रहण के कार्य में लगी महिलाओं के लिए यह आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बन रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित स्व-सहायता समूह की दीदियों, कचरा कलेक्शन करने वाली स्वच्छाग्राही, मितानिन दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्रामवासियों से चर्चा करते हुए कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार घर-घर से निकलने वाले कचरे को उसके मूल स्रोत पर ही अलग-अलग किया जाए। उन्होंने आगे कहा की लोगों द्वारा किया जा रहा कचरा पृथक्करण का कार्य ही आपकी आजीविका का साधन बन रहा है। कचरे का सही निपटान से गांव स्वच्छ होगा और ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनेगी।श्रीमती अभिलाषा आनंद ने ग्रामवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा घर-घर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने की अपील की। सामुदायिक सहभागिता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव का निर्माण करने के संकल्प में सब की भागीदारी का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत अभियान की जिला सलाहकार श्रीमती स्वाति शुक्ला सहित मैदानी अधिकारी कर्मचारी ग्राम पंचायतो के सरपंच सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




