Blog

प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर

किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और सुशासन तिहार के आवेदनों के शीघ्र समाधान के निर्देश

अंबिकापुर। वित्त मंत्री एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री चौधरी ने शेष आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने तथा जनप्रतिनिधियों को स्वीकृत आवासों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अम्बिकापुर शहर में पेयजल एवं बिजली आपूर्ति की समस्याओं के त्वरित समाधान, सड़कों के निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत तथा वर्षा ऋतु से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण एवं भुगतान की स्थिति की जानकारी लेते हुए वृक्षों की अवैध कटाई रोकने और व्यापक वृक्षारोपण के निर्देश दिए। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि एवं फसल क्षति के मामलों में प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही ई-केवाईसी, महतारी वंदन योजना तथा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को अधिक से अधिक जोड़ने के निर्देश भी दिए।

मंत्री श्री चौधरी ने केंद्रीय विद्यालय, सैनिक स्कूल एवं नवोदय विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रभारी मंत्री मद से शव वाहन स्वीकृत करने तथा कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन कम्पोजिट बिल्डिंग का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुशासन तिहार की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री चौधरी ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों के विभागवार वर्गीकरण, नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की जाए।

राजस्व मामलों के निराकरण में लाएं तेजी
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री चौधरी ने त्रुटि सुधार, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा बटांकन, आधार सीडिंग, डिजिटल हस्ताक्षर, किसान किताब, जेंडर प्रविष्टि, कोटवारी भूमि एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्रुटि सुधार संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

किसानों को समय पर मिले खाद-बीज
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री चौधरी ने खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को किसानों, विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानों, को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने, विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बेहतर समन्वय पर जोर
बैठक में मंत्री चौधरी ने कहा कि सरगुजा के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक  प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

The post प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button