जिले में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे लोग काफी परेशान हैं। सर्वर में तकनीकी बाधा के कारण मिस्ड कॉल बुकिंग और ऑनलाइन बुकिंग सेवाएं बंद हो गई हैं, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों तक जाना पड़ रहा है। गुरुवार की सुबह से ही लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी में पहुंचने लगे, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण पूरा दिन इंतजार के बावजूद गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो सका। दोपहर 1 बजे के बाद सर्वर चालू हुआ, लेकिन एक बुकिंग के पर्ची निकालने में करीब आधा घंटा लग रहा था, जबकि पहले यह काम महज 1-2 मिनट में हो जाता था।
सर्वर समस्या के चलते फिलहाल नए कनेक्शन देने पर रोक लग गई है। एक कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को दूसरा सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उज्ज्वला योजना के तहत नए हितग्राहियों का पंजीयन भी बंद है। 3 दिन पहले कलेक्टोरेट में एजेंसी संचालकों की बैठक हुई थी, जिसमें बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष के कारण ऑयल कंपनियों के सर्वर पर दबाव बढ़ गया है। पहले रेलवे और इनकम टैक्स के सर्वरों पर ज्यादा लोड रहता था, लेकिन अब सिलेंडर बुकिंग के कारण सर्वर पर 10 गुना अधिक भार बढ़ गया है। यह समस्या पूरे देश में देखने को मिल रही है, जिसके कारण सिलेंडर बुक करना मुश्किल हो गया है।
एजेंसी संचालकों ने जानकारी दी कि पहले एक एजेंसी में 150 से 200 बुकिंग होती थीं, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 700 तक पहुंच गई है। जिले में 14 गैस एजेंसियां हैं और इनमें रोजाना 5 से 6 हजार गैस सिलेंडर की बुकिंग हो रही है। अचानक बढ़े इस भार की वजह से सर्वर काम करना बंद कर दे रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि अब ओटीपी आने में भी 24 घंटे तक का समय लग रहा है, जिससे ग्राहकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। 50 से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त : राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम जिले के चारों ब्लाक धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड में होटल, ढाबा की जांच कर रही है। अब तक जांच में 50 से अधिक सिलेंडर जब्त हो चुके हैं। 30 से अधिक चाय, नाश्ता, होटल बंद हो चुके हैं। 4-5 दिन में कामर्शियल सिलेंडर आएगी : इंडेन गैस एजेंसी संचालक मोहन अग्रवाल ने बताया कि अभी कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो रही है। ऑयल कंपनी से सूचना मिली है कि 4-5 दिन में कामर्शियल सिलेंडर धमतरी पहुंचेगा।
घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई जारी है। केस-2: ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हुई, तो सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचे करेठा से पहुंची गोमती सिन्हा ने कहा कि उज्ज्वला कनेक्शन मिला है। पहले ऑनलाइन बुक हो जाता था। अब ऑनलाइन बुक नहीं हुआ। खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचे, पर 4 घंटे बाद भी सिलेंडर नसीब नहीं हुआ। दो दिन से घर में लकड़ी चूल्हा से खाना बन रहा है। केस-1: सर्वर डाउन होने की वजह से नहीं मिल पाया घरेलू सिलेंडर गैस कनेक्शन लेने पहुंचे राजेश जगत ने कहा कि दो दिन पहले घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कराए हैं। 24 घंटे बाद भी ओटीपी नहीं आया है। एजेंसी में सुबह 9 बजे से पहुंच गए थे, पर सर्वर ही डाउन होना बताया गया। 4 घंटे से बाहर खड़े हैं।
आज मजदूरी करने भी नहीं गए। केस-3: सर्वर बंद होने के कारण पांच दिन बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंच पाया शहर के प्रमोद साहू ने कहा कि 5 दिन पहले ऑनलाइन सिलेंडर बुक किया था। 5 दिन हो गया है, पर सिलेंडर डिलीवरी घर में नहीं हुई है। एक सिलेंडर बैकअप में रखे हुए थे, वह भी सुबह खत्म हो गया है। एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने आया, तो बताया गया कि सर्वर बंद है।





