कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बर्खास्तगी से परेशान नगर सेना के जवान द्वारा आत्महत्या की कोशिश के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिला सेनानी अनुज एक्का को कोरबा से हटा दिया गया है। उनकी जगह जांजगीर जिला सेनानी योग्यता साहू को कोरबा जिले के नगर सेना प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बता दें नगर सेना के पीड़ित जवान संतोष पटेल ने कलेक्टर परिसर में जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा से रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि संतोष पटेल ने जहर सेवन से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें उन्होंने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। जवान की आत्महत्या के प्रयास का मामले ने तूल पकड़ा और इस घटना के विरोध में नगर सेना के जवान न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
नगरसेना कार्यालय परिसर में हाथों में तख्तियां लिए प्रदर्शन कर रहे नगर सेना के जवान पीड़ित संतोष पटेल की तत्काल बहाली, जिला सेनानी के तबादले और दोषी अधिकारी जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला सेनानी को हटा दिया। हालांकि नगर सैनिक इस कार्रवाई से खुश नहीं हैं और एफआईआर की मांग कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व राजस्व मंत्री जयासिंह अग्रवाल भी नगर सैनिकों के समर्थन में धरना स्थल पर डटे रहे।
The post बर्खास्तगी से परेशान होमगार्ड की आत्महत्या के प्रयास का मामला, हटाए गए जिला सेनानी अनुज एक्का appeared first on ShreeKanchanpath.


