भिलाई। नंदिनी थाना क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेला, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यह पाया गया कि कुछ असामाजिक किस्म के युवक बड़े-बड़े लोहे के कड़े पहनकर मड़ई मेला, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करते हुए आम नागरिकों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित करने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने ऐसे बदमाशों को चिन्हित किया और मौके पर ही लोहे के कड़े उतरवाए गए। थाना नंदिनी पुलिस द्वारा अभियान के दौरान लगभग 150 नग लोहे के कड़े जब्त किए गए। संबंधित व्यक्तियों को कड़ी समझाइश दी गई तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर *कठोर वैधानिक कार्यवाही* किए जाने की स्पष्ट चेतावनी दी गई।
दुर्ग पुलिस की इस त्वरित, सख़्त एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप मड़ई मेला, बाजार एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अनुशासन एवं शांति बनी रही तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना एवं पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ। दुर्ग पुलिस आमजन को आश्वस्त करती है कि *मड़ई मेला, बाजार, सार्वजनिक स्थल एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अड्डेबाजी, हथियारनुमा वस्तुएँ पहनकर घूमने, भय का वातावरण निर्मित करने अथवा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के सख़्त एवं वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
The post मड़ई मेला, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में बदमाशों पर बरसी पुलिस, 150 लोहे के कड़े जब्त appeared first on ShreeKanchanpath.

