छत्तीसगढ़

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के प्रयासों से सांकरा-परसवानी मार्ग को मिली 28 करोड़ रुपए की सौगात

*विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के प्रयासों से सांकरा-परसवानी मार्ग को मिली 28 करोड़ रुपए की सौगात*

*15.8 किमी लंबे महत्वपूर्ण मार्ग के लिए मिली प्रशासकीय स्वीकृति, विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने मुख्यमंत्री साय, उप मुख्यमंत्री साव और वित्त मंत्री चौधरी का जताया आभार*

*क्षेत्र के विकास के प्रति कटिबद्धता का प्रमाण, विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के सतत प्रयासों से मिली 28 करोड़ की मंजूरी*

सांकरा जोंक,। बसना विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के अथक प्रयासों से क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार ने सांकरा से परसवानी तक 15.8 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण सड़क मार्ग के निर्माण और उन्नयन के लिए 28 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के साथ, लंबे समय से जर्जर स्थिति में रहे इस मार्ग के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

राज्य सरकार द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त होने पर बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओ पी चौधरी का हृदय से आभार व्यक्त किया।

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि सांकरा से परसवानी मार्ग की स्वीकृति बसना विधानसभा क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी और अत्यंत महत्वपूर्ण मांग थी। यह केवल एक सड़क नहीं है, बल्कि इस क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की जीवनरेखा है। उन्होंने जोर दिया कि बेहतर सड़कों से न केवल आवागमन आसान होता है, बल्कि किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में सुविधा मिलती है और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित होती है।

विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने आगे कहा कि मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ,उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओ पी चौधरी का आभारी हूँ, जिन्होंने बसना क्षेत्र के विकास के प्रति मेरी अपील को गंभीरता से लिया और प्राथमिकता के आधार पर इस 28 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृत किया। यह स्वीकृति राज्य सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना और क्षेत्र के त्वरित विकास के प्रति उनकी कटिबद्धता को दर्शाती है।

विधायक डॉ सम्पत अग्रवाल ने आगे कहा कि यह 15.8 किमी. लंबा मार्ग सांकरा को परसवानी से जोड़ते हुए आसपास के कई गांवों के लिए मुख्य कनेक्टिविटी प्रदान करता है। इस मार्ग के उन्नयन से क्षेत्र में व्यापार, कृषि गतिविधियों और सामान्य जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है। विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि इस मार्ग का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button