जशपुर। छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले में खुले करंट की तार की चपेट में आने से मौत हो गई। जंगली सूअर को मारने के लिए यह तार बिछाई गई थी। इस मामले में जशपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर बीएनएस की धारा 105 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई। मामला चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत बढ़नी झरिया जंगल का है।
इस मामले में ग्राम छेरा घोघरा बैगा टोली निवासी इन्द्रनाथ यादव चौकी दोकड़ा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। युवक ने बताया कि उसके पिता मृतक दशरथ यादव उम्र 55 वर्ष 2 दिसंबर को गांव के पास ही स्थित बढ़नी झरिया जंगल में गए थे। जंगल में उनके भैंसों के लिए अस्थाई गोठान है जहां उनकी देखरेख, व चारा देने के लिए गए थे। रात में रुकने के बाद रोज गोठान से सुबह 4 से 5 बजे तक वापस आ जाते थे, लेकिन 3 दिसंबर को वे वापस नहीं लौटे। तब वह अपने छोटे भाई के साथ अपने पिता को ढूंढने जंगल गया तो देखा कि उसके पिता मृत अवस्था में जमीन पर पड़े हैं। उनके पैर में खुला पतला बाईंडिंग तार चिपका हुआ था। जिसमें की करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके चपेट में आने पर, प्रार्थी के पिता की झुलस कर मृत्यु हो गई।
इंद्रनाथ ने पुलिस को यह भी बताया कि गांव के रहने वाले नेहरू राम, अशोक पैंकरा, सदानंद चौहान व जगदीश कुजूर ने कुछ दिन पहले बताया था कि उनके द्वारा बढ़नी झरिया जंगल में दूसरी ओर जंगली सूअर को मारने के लिए करेंट बिछाया जाएगा। लेकिन उनके द्वारा जंगल के गोठान के रास्ते में 11 हजार केव्ही के बिजली तार के खंभे से खुली वाइंडिंग तार को जोड़कर जंगली सूअर को मारने के लिए जमीन में बिछा दिया। जिससे जंगल के गोठान जाते वक्त हाई वॉल्टेज करेंट की चपेट में आने से उसके पिता दशरथ यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
रिपोर्ट पर चौकी दोकड़ा पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए बीएनएस की धारा 105 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर, तत्काल घटना स्थल रवाना हुआ गया। घटना स्थल के निरीक्षण व शव के पंचनामा के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतक दशरथ यादव के पैर में खुली पतली तार चिपकी हुई है, जो कि हाई वॉल्टेज बिजली की खंभे से जुड़ी हुई थी। पुलिस के द्वारा घटना में प्रयुक्त 128 मीटर खुली पतली तार को भी मौके से जब्त कर लिया। शव का पोस्ट मार्टम भी कराया गया है। इसके बाद मामले में कार्रवाई करते हुए नेहरू राम, अशोक पैंकरा, सदानंद चौहान व जगदीश कुजूर हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि चौकी दोकड़ा क्षेत्र में जंगली सूअर मारने के लिए लगाए गए खुले बिजली करेंट तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है, पुलिस ने मामले से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, एक आरोपी फरार है, पतासाजी की जा रही है, उसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संजय नागवंशी, कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक सुरेन्द्र यादव, जयप्रताप एक्का व राजकुमार मनहर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
The post जंगली सूअर मारने जंगल में बिछाई खुली तार की चपेट में आने से शख्स की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.

