Blog

पीएम मोदी ने गोवा में जवानों संग मनाई दिवाली, सेनाओं को साहस को सराहा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गोवा में आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के बीच दिवाली मनाई। वे एक दिन पहले गोवा पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने सैनिकों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। सशस्त्र बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाने की परंपरा को जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारवार के तट पर आईएनएस विक्रांत का दौरा किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जवानों को भी संबोधित किया। बता दें कि 2014 से प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद से पीएम मोदी लगातार सशस्त्र बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाते रहे हैं।

आईएनएस विक्रांत से नौ सैनिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज का दिन अद्भुत है। ये दृश्य अविस्मरणीय है। आज मेरे पास एक तरफ समंदर है, तो दूसरी तरफ मां भारती के वीर जवानों की ताकत है। आज एक तरफ मेरे पास अनंत क्षितिज…अनंत आकाश है और दूसरी तरफ अनंत शक्तियों का प्रतीक यह विशालकाय आईएनएस विक्रांत है। समुद्र के जल पर सूर्य की किरणों की चमक, वीर सैनिकों द्वारा जलाए गए दिवाली के दीयों के समान है। पीएम मोदी ने कहा कि आईएनएस विक्रांत आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है। 

पीएम नरेंद्र मोदी ने कारवार के तट पर आईएनएस विक्रांत पर दिवाली मनाते हुए कहा, मैं भाग्यशाली हूं कि इस बार मैं दिवाली का यह पावन त्योहार नौसेना के आप सभी वीर जवानों के बीच मना रहा हूं। विक्रांत पर बिताई कल की रात, इस अनुभव को शब्दों में कहना कठिन है। मैं देख रहा था कि आप उमंग, उत्साह से भरे हुए थे… आपने स्वरचित गीत गाए। आपने अपने गीतों में जिस प्रकार से ऑपरेशन सिंदूर का वर्णन किया, शायद कोई और कभी इस अनुभूति को प्रकट नहीं कर पाएगा जो युद्ध के मैदान में खड़ा जवान कर पाएगा।

Untitled design

सैन्य कर्मियों की पीएम मोदी ने तारीफ की
पीएम मोदी ने संबोधन में कहा, मैं सैन्य साजो-सामान की ताकत देख रहा था। ये विशाल जहाज, हवा से भी तेज चलने वाले विमान, ये पनडुब्बियां…ये अपने आप में प्रभावशाली हैं, लेकिन इन्हें चलाने वालों का साहस ही इन्हें असली ताकतवर बनाता है। ये जहाज भले ही लोहे के बने हों, लेकिन जब आप इन पर सवार होते हैं, तो ये सशस्त्र सेनाओं की जीवंत, सांस लेती हुई शक्ति बन जाते हैं। मैं कल से आपके साथ हूं। हर पल मैंने कुछ न कुछ सीखा है। जब मैं दिल्ली से निकला था, तो सोचा था कि मैं इस पल को खुद जीऊंगा। लेकिन आपकी मेहनत, तपस्या और समर्पण इतने ऊंचे स्तर पर है कि मैं इसे सही मायने में जी नहीं पाया। हालांकि, मुझे इसकी समझ जरूर मिली। मैं बस कल्पना कर सकता हूं कि इस जीवन को सही मायने में जीना कितना मुश्किल होगा।

भारत के हर द्वीप पर तिरंगा फहरा रही है भारतीय नौसेना
पीएम मोदी  ने सेनाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, भारतीय नौसेना भारत के हर द्वीप पर तिरंगा फहरा रही है। जैसे-जैसे भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि ग्लोबल साउथ के सभी देश तेजी से प्रगति करें। इसके लिए हम महासागर समुद्री दृष्टिकोण पर पूरी गति से काम कर रहे हैं। संकट के समय अफ्रीका से लेकर दक्षिण-पूर्व एशिया तक हर देश भारत को ‘विश्वबंधु’ के रूप में देखता है। 2014 में हमारे पड़ोसी देश मालदीव को जल संकट का सामना करना पड़ा। हमने ऑपरेशन नीर शुरू किया और हमारी नौसेना ने मालदीव को स्वच्छ जल पहुंचाया। 2017 में श्रीलंका बाढ़ की चपेट में आया और भारत ने सबसे पहले मदद का हाथ बढ़ाया। 2018 में इंडोनेशिया सुनामी से तबाह हो गया और भारत राहत और बचाव कार्यों में इंडोनेशिया के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा।

फिर किया नक्सलियों के सफाए का जिक्र
पीएम मोदी ने एक बार फिर नक्सलियों के सफाए का जिक्र करते हुए कहा, आज देश नक्सली आतंक से मुक्ति की कगार की पर है। 2014 से पहले देश के 125 जिले नक्सली हिंसा की चपेट में थे। दस साल की मेहनत की बाद ये संख्या घटती गई। अब सिर्फ 11 जिलों में नक्लसी बाकी रह गए हैं। 100 से ज्यादा जिले नक्सलवाद से मुक्त होकर दिवाली मना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिन इलाकों में माओवादी नक्सली सड़कें नहीं बनने देते थे, स्कूल नहीं बनने देते थे, स्कूलों के बम से उड़ा देते थे, डॉक्टरों के गोलियों से भून देते थे। अब वहां नए उद्योग लग रहे हैं। हाईवे-स्कूल बन रहे हैं। ये सब सुरक्षाबलों के त्याग, तप से संभव हुआ है। अनेक जिलों में आज लोग आन-बान-शान के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं।

The post पीएम मोदी ने गोवा में जवानों संग मनाई दिवाली, सेनाओं को साहस को सराहा appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button