Blog

बस्तर में बाढ़ : तीन दिन की मूसलाधार बारिश से मिली राहत, सीएम साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली अफसरों की बैठक

सीएम साय ने कहा- बस्तर बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद करें सुनिश्चित, अफसरों को दिए निर्देश

रायपुर। बस्तर संभाग में बीते तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ का कहर बरफा है। लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को बस्तर संभाग में स्थिति कुछ सामान्य हुई और शासन प्रशासन का बचाव कार्य जारी है। इधर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बाढ़ प्रभावित बस्तर की हर मुवमेंट पर नजर रखे हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने दक्षिण कोरिया के अपने दौरे के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और बस्तर में बाढ़ प्रभावितों को हर संभव सहायता मुहैय्या कराने के निर्देश दिए हैं।

बता दें बस्तर संभाग में भारी बारिश व बाढ़ के कारण हालात काफी बिगड़ गए हैं। दंतेवाड़ा जिले में 100 से ज्यादा गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट चुका है। 200 से ज्यादा मकान ढह गए। वहीं 2000 से ज्यादा लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है। बाढ़ के कारण पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। दरअसल भारी बारिश के कारण दंतेवाड़ा में इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ गया। इससे लगे शंखनी-डंकनी नदी का पानी का बहाव रुका और आसपास के गांवों में भारी तबाही मच गई। शुक्रवार को स्थिति कुछ हद तक सामान्य हो पाई है। बारिश कुछ कम हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को बिलासपुर, जीपीएम, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा और रायगढ़ में बादल गरजने, बिजली गिरने और आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

CEC

बाढ़ प्रभावित हर घर तक पहुंचाए मदद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के कलेक्टरों व वरिष्ठ अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विस्तृत समीक्षा के दौरान दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार तक हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की पीड़ा को शीघ्र कम करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह महसूस होना चाहिए कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

Untitled design

बिना विलंब के पहुंचाई जाए राहत राशि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया  कि बाढ़ से हुई जनहानि और पशुहानि प्रभावित परिवारों को राहत राशि बिना विलंब के उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त आवासों के सुधार हेतु तिरपाल, बाँस-बल्ली और राहत राशि का वितरण प्राथमिकता से किया जाए। मुख्यमंत्री ने  कहा कि बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रभारी सचिव अपने-अपने जिलों का भ्रमण करें और राहत कार्यों का सतत पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रभावित गाँवों से सड़क संपर्क बहाल करने, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत और बिजली आपूर्ति पुनर्स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर किया जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की शीघ्र बहाली राहत कार्यों की सफलता की कुंजी है। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित थे।

अतिरिक्त सहयोग के लिए भेजें प्रस्ताव : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव जैन ने कलेक्टरों से कहा कि यदि उन्हें  शासन स्तर से अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता हो तो वे तुरंत प्रस्ताव भेजें, ताकि शासन स्तर पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह ने कलेक्टरों को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में भोजन, कपड़े और सूखा राशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि राहत शिविरों और प्रभावित गाँवों में स्वास्थ्य शिविर और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

राजस्व साचिव ने दी राहत कार्यों की जानकारी
राजस्व सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने मुख्यमंत्री को बस्तर में बाढ़ की स्थिति और अब तक किए गए राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी बाढ़ प्रभावित जिलों को अतिरिक्त राशन का आबंटन भी कर दिया गया है और सामग्री प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही है। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री साय ने चारों जिलों के कलेक्टरों से सीधे संवाद कर उनके-अपने जिलों में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली। कलेक्टरों ने बताया कि अब अधिकांश बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पानी उतरने लगा है और स्थिति नियंत्रण में है। समीक्षा बैठक में बताया गया कि वर्तमान में प्रशासन का पूरा ध्यान राहत और पुनर्वास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर केंद्रित है। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह, बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह और पुलिस महानिरीक्षक पी सुन्दरराज उपस्थित थे।

The post बस्तर में बाढ़ : तीन दिन की मूसलाधार बारिश से मिली राहत, सीएम साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली अफसरों की बैठक appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button