भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खाते से 96 हजार रुपए पार हो गए। अलग अलग तिथियों में 2023 से लेकर अब तक छोटे-छोटे किश्तों में खाते से राशि निकाली गई। हाल ही में जब महिला बैंक में एंट्री कराने गई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। खास बात यह है कि महिला का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड होने के बाद भी बैंक से कभी भी उन्हें रुपए निकाले जाने का मैसेज नहीं मिला। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत पर कुम्हारी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में ग्राम कुगदा निवासी मेनिका साहू पति माखनलाल साहू (45) ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और हर माह मिलने वाला मानदेय भारतीय स्टेट बैंक कुम्हारी शाखा में आजा हैं। यहां उनका बचत खाता है और इसमें वह अपनी पूंजी जमा रखती है। मेनिका साहू ने बताया कि उसने अंतिम बार वर्ष 2021 में बैंक जाकर केवाईसी अपडेट कराया था। 18 जुलाई 2025 को वह बैंक गई और पासबुक एंट्री कराने पर पता चला कि उनके खाते से 23 जून 2023 से 27 जून 2025 के बीच 96120 रुपए अलग-अलग तिथियों में निकाले गए हैं। उक्त रुपए उसने नहीं निकाले थे।

बैंक रिकार्ड से पता चला कि उक्त रुपए किसी ने आधार थंब का इस्तेमाल कर निकाले हैं। इसके बाद मेनिका ने आधार व केवाईसी फिर से अपडेट कराने के बाद खाते में शेष 221000 रुपए पति के खाते में ट्रांसफर कराया। बैंक रिकार्ड के अनुसार अज्ञात द्वारा 23 जून 2023 को 2020 रुपए, 8 अगस्त 2023 को 5050 रुपए, 3 दिसंबर 2023 को 8000 रुपए, 2 फरवरी 2024 को 5000 रुपए, 26 अप्रैल 2024 को 8000 रुपए, 14 जून 2024 को 5050 रुपए, 9 जुलाई 2024 को 6000 रुपए, 4 सितंबर 2024 को 8000 रुपए, 10 नवंबर 2024 को 10000 रुपए, 4 दिसंबर 2024 को 6000 रुपए, 13 फरवरी 2025 को 8000 रुपए, 20 मार्च 2025 को 5000 रुपए, 19 अप्रैल 2025 को 10000 रुपए और 27 जून 2025 को 10000 रुपए कुल 96120 रुपए निकाल लिए। महिला ने बताया कि खाते मे आहरण के समय लिंक मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी नही आता था जिसकी जानकारी मार्च 2025 को बैंक जाकर दिया था। इसके बाद भी यह सुविधा शुरू नहीं हुई। फिलहाल इस मामले में कुम्हारी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

The post Bhilai Breaking : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खाते से पार हुए 96 हजार रुपए, आधार थंब के एसबीआई खाते से निकाली गई रकम appeared first on ShreeKanchanpath.