गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है। 6 दिन के भीतर एक और बड़ा एनकाउंटर हुआ जिसमें 14 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। यह एनकाउंटर गरियाबंद जिले में छत्तीसगढ़ व ओडिशा की सीमा से लगे जंगलों में हुई है। बताया जा रहा है कि दो दिन से यहां सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा था। मंगलवार सुबह तक रुक-रुककर फायरिंग होती रही। इसके बाद सर्चिंग में जवानों ने 14 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ गरियाबंद जिले के कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी जंगल में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां भारी मात्रा में नक्सली छिपे हुए हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर से जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें 10 टीम एक साथ निकली थी। 3 टीम ओडिशा से, 2 टीम छत्तीसगढ़ पुलिस से और 5 CRPF टीम इस ऑपरेशन में शामिल थी। जवान क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर हमला किया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में अब तक 14 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। मौके से तीन आईईडी भी बरामद किए गए।
गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा, ओडिशा के नुआपाड़ा एसपी राघवेंद्र गूंडाला, ओडिशा डीआईजी नक्सल ऑपरेशन अखिलेश्वर सिंह और कोबरा कमांडेंट डीएस कथैत पूरे नक्सल ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि 1000 से ज्यादा जवानों ने नक्सलियों को चारों ओर से घेरा लिया। नक्सलियों की फायरिंग के बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। इसके बाद लगातार दो दिनों से यहां रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। इस एनकाउंटर में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हुआ है। घायल को एयरलिफ्ट कर रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
16 जनवरी को मारे गए थे 18 नक्सली
बता दें 6 दिन के भीतर छत्तीसगढ़ में यह दूसरा बड़ा एनकाउंटर है। इससे पहले बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा से लगे सीमावर्ती क्षेत्र में 16 जनवरी को मुठभेड़ हुई। इसमें सुरक्षाबलों ने 18 नक्सलियों को मार गिराया था। हालांकि इस मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों के हाथ 12 नक्सलियों के शव की लगे। बाद में नक्सलियों ने पर्चा जारी कर 18 उनके 18 साथियों के मारे जाने की पुष्टि की थी। इस मुठभेड़ में सेंट्रल कमेटी मेंबर औरर 50 लाख का इनामी नक्सली चोखा राव उर्फ दामोदर भी मारा गया। मारे गए नक्सलियों में 5 महिला नक्सली भी शामिल रही। इनपर कुल 59 लाख रुपए का इनाम था।
The post छत्तीसगढ़ में फिर एक बड़ा एनकाउंटर : सीजी-ओडिशा बॉर्डर पर 14 नक्सली ढेर… जवानों ने बरामद किए शव appeared first on ShreeKanchanpath.