छत्तीसगढ़

नल से घर तक पहुंचा पानी, ग्रामीणों की बदली दिनचर्या और बचने लगा समय

*जल जीवन मिशन से ग्राम लोचन के हर घर तक पहुंच रहा स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल*

*नल से घर तक पहुंचा पानी, ग्रामीणों की बदली दिनचर्या और बचने लगा समय*

कवर्धा,  सितंबर 2026। कभी पेयजल के लिए दूर जाना और पानी लाने में घंटों समय खर्च करना ग्राम लोचन के ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। घर की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में मेहनत के साथ-साथ समय भी काफी खर्च होता था। अब जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान कर दिया है। गांव के हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में सुविधा आई है और उनकी दिनचर्या पहले से आसान हुई है।
कबीरधाम जिले के विकासखंड कवर्धा अंतर्गत ग्राम पंचायत लोचन में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्य से 126 परिवारों को घर पर ही पेयजल की सुविधा मिल रही है। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम लोचन की जनसंख्या 545 है। ग्राम लोचन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत 82.95 लाख रुपये की लागत से 40 किलोलीटर क्षमता की पानी टंकी का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही गांव में लगभग 2,800 मीटर जल वितरण पाइपलाइन बिछाई गई है। इस व्यवस्था के माध्यम से गांव के सभी 126 परिवारों को नल कनेक्शन के जरिए स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

*सुबह-शाम नियमित मिल रहा पानी*

ग्राम लोचन में वर्तमान में ग्रामीणों को सुबह और शाम दो-दो घंटे नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। घर के नल से पानी मिलने के कारण ग्रामीणों को पानी भरने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे विशेष रूप से महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों का समय एवं श्रम बच रहा है।

*पानी की चिंता से राहत, अब खेती-किसानी और घरेलू काम पर अधिक ध्यान*

जल जीवन मिशन से पहले ग्रामीणों को पानी की व्यवस्था करने के लिए काफी समय देना पड़ता था। पानी लाने के कारण उनके घरेलू कार्य, खेती-किसानी और अन्य जरूरी काम प्रभावित होते थे। अब घर पर ही नल से पानी मिलने के कारण ग्रामीण अपने समय का बेहतर उपयोग कर पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले पानी लाने के लिए दूर जाना पड़ता था और पानी की व्यवस्था करने में काफी समय एवं मेहनत लगती थी। अब घर पर ही नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से परिवार के सभी सदस्यों को बड़ी सुविधा मिली है। इससे रोजमर्रा के कार्य आसान हुए हैं और समय की भी बचत हो रही है।

*हर घर जल की दिशा में सार्थक कदम*

ग्राम लोचन में जल जीवन मिशन के तहत विकसित की गई जलापूर्ति व्यवस्था ग्रामीण परिवारों के लिए सुविधा और राहत का माध्यम बनी है। घर-घर नल से पानी पहुंचने से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है और पानी के लिए होने वाली परेशानी कम हुई है। जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम लोचन में हर घर जल का संकल्प साकार हो रहा है। घर की चैखट तक पहुंचा नल का पानी ग्रामीणों के जीवन में सुविधा, समय की बचत और बेहतर जीवनशैली का आधार बन रहा है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button