जब भी हम गुरुद्वारे जाते हैं और वहां का प्रसाद खाते हैं तो उसका स्वाद लंबे समय तक हमारे मुंह में बना रहता है. गरमा-गरम, घी से भरपूर और मुंह में घुल जाने वाला यह प्रसाद हर किसी को बेहद पसंद आता है. कई लोग सोचते हैं कि गुरुद्वारे जैसा स्वाद घर पर पर बने हलवे में नहीं आ सकता लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. आप भी बड़ी आसानी से घर पर गुरुद्वारे जैसा कड़ा प्रसाद बना सकते हैं, बस इसे बनाते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है. आज हम आपको घर पर गुरुद्वारे जैसा टेस्टी, दानेदार और खुशबूदार कड़ा प्रसाद बनाने का आसान तरीका बताएंगे, जिससे आप जब चाहें अपनी रसोई में बिल्कुल परफेक्ट कड़ा प्रसाद तैयार कर सकते हैं.
गुरुद्वारे जैसा कड़ा प्रसाद बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है?
1 कप गेहूं का आटा (आटा)
1 कप देसी घी
1 कप चीनी
3 कप पानी
घर पर गुरुद्वारे जैसा कड़ा प्रसाद कैसे बनाएं?
- गुरुद्वारे जैसा कड़ा प्रसाद बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 3 कप पानी गर्म करें और उसमें 1 कप चीनी डालें. चीनी को लगातार चलाते रहें, ताकि वह पूरी तरह घुल जाए. चाशनी तैयार होने के बाद इसे गर्म ही रखें, क्योंकि बाद में इसे आटे में मिलाना है.
- अब एक भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें 1 कप देसी घी डालकर मीडियम गैस पर गर्म करें. ध्यान रखें कि घी अच्छी तरह गर्म हो जाए लेकिन जले नहीं.
- इसके बाद गर्म घी में 1 कप गेहूं का आटा डालें और लगातार चलाते हुए भूनना शुरू करें. आटे को तब तक भूनें, जब तक उसका रंग सुनहरा भूरा न हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने न लगे. इस प्रोसेस में लगभग 10 से 15 मिनट का समय लग सकता है. आटा भूनते समय उसे लगातार चलाते रहें, ताकि वह तले में लगकर जले नहीं.
- जब आटा अच्छी तरह भुन जाए तो गैस कम कर दें और गर्म चाशनी को धीरे-धीरे आटे में डालें. इस दौरान मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि उसमें गांठें न पड़ें. चाशनी डालते समय छींटे पड़ सकते हैं, इसलिए सावधानी बरतें.
- अब हलवे को लगातार चलाते हुए पकाएं. कुछ ही देर में मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा और कड़ाही छोड़ने लगेगा. जब घी अलग दिखाई देने लगे और हलवा स्मूद व चमकदार दिखने लगे, तब समझिए कि कड़ा प्रसाद तैयार है.





