भिलाई। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार से लागू हो गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी रायपुर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी के दाम 1013 रुपए हो गया है। दुर्ग भिलाई में इसकी दर 1013.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत 913 रुपए से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को प्रति सिलिंडर 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी ऊर्जा लागत और घरेलू बिक्री पर नुकसान के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मार्च में की गई 60 रुपये की वृद्धि के बावजूद तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा था। बताया जा रहा है कि इस बढ़ोत्तरी से पहले सरकारी तेल कंपनियों को हर घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था।
The post घरेलू रसोई गैस के दाम 29 रुपए बढ़े, तीन महीने में दूसरी बार हुआ महंगा… 1013 रुपए पहुंची कीमत appeared first on ShreeKanchanpath.


