रायपुर। पांच मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मैच खेलने पहुंची भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने मैच से पहले बलौदा बाजार जिले स्थित बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण कर जंगल और वन्य जीवन का अनुभव लिया। खिलाड़ियों ने न सिर्फ छत्तीसगढ़ की नैसर्गिक सुंदरता को करीब से निहारा बल्कि अभयारण्य के वन्य प्राणियों को देख रोमांचित हो गए। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ टीम के प्रमुख खिलाड़ी संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव इस जंगल भ्रमण में शामिल रहे। खिलाडिय़ों ने अभयारण्य की समृद्ध जैव-विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्य जीवों को नजदीक से देखा। इस जंगल भ्रमण की तस्वीरें वन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।
बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य अपनी समृद्ध जैव-विविधता और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है। राजधानी रायपुर से लगभग 100–106 किलोमीटर दूर फैला बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य करीब 245 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में विस्तृत है। यहां तेंदुआ, भालू, उडऩे वाली गिलहरी, सियार, चार सींग वाला मृग, चिंकारा, काला हिरण, बायसन सहित बुलबुल, तोते, गिद्ध, मोर, कठफोड़वा, किंगफिशर, बगुले और ड्रोंगो जैसे अनेक पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं।
खिलाड़ियों की जंगल सफारी
भारतीय क्रिकेट टीम के शीर्ष खिलाड़ियों ने बलौदा बाजार जिले के प्रसिद्ध बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण किया। व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के बीच किया गया यह सफारी ब्रेक टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए सुकून और ताजगी से भरा रहा। खुले जीप सफारी में सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव ने बारनवापारा के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। खिलाड़ी जंगल की हरियाली, शांत वातावरण और समृद्ध वन्यजीवों को देखकर काफी उत्साहित नजर आए।
मंत्री केदार कश्यप ने की सराहना
टीम इंडिया के खिलाड़ियों को मैच से पहले इस तरह का आउटडोर ब्रेक मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद फायदेमंद माना जाता है। मुकाबले से पहले खिलाड़ी पूरी तरह फ्रेश, रिलैक्स और कॉन्फिडेंट दिखाई दिए। खिलाड़ियों ने हिरण, जंगली पक्षियों और हरियाली से भरी घाटियों का नजदीक से अवलोकन किया। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए खिलाड़ियों के प्रकृति प्रेम की सराहना की। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ का प्राकृतिक सौंदर्य देश और दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
The post भारतीय खिलाडिय़ों ने देखी बार नवापारा अभयारण्य की सुंदरता, वन्य जीवों को देख हुए रोमांचित appeared first on ShreeKanchanpath.



