मौसम कैसा रहेगा 14 नवंबर 2025 : मौसम के लिहाज से अगले कुछ दिन उतार चढ़ाव वाले हो सकते हैं। उत्तर भारत में सर्दी बढ़ने के साथ कोहरा और पॉल्यूशन का लेवल बढ़ेगा। वहीं, आईएमडी ने 14 और 15 नवंबर को दक्षिण भारत में बादलों के बरसने के संकेत दिए हैं। खासकर, केरल, तमिलनाडु, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्य द्वीप के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज चमक, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी है। वहीं, पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश के साथ आसपास के राज्यों में मौसमी गतिविधियां होने के चांस बन रहे हैं। नॉर्थ ईस्ट में अब घने कोहरे के साथ सर्दी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में शीतलहर के कारण सर्दी के ग्राफ में इजाफे के संकेत दिए हैं। दिल्ली से लेकर बिहार तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और कई इलाकों में घना कोहरा छाया नजर आएगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फीली हवाओं के प्रभाव से पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक गलन वाली सर्दी परेशान करेगी।
उत्तर प्रदेश में सर्दी का मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में शीतलहर के कारण ठंडी का सितम जारी है। खासकर, सुबह कोहरे के साथ पड़ रही सर्दी से लोग परेशान हैं। हालांकि, 8 बजे तक सूरज की चमक और गुनगुनी धूप से मौसम का मिजाज नर्म होता है। आईएमडी की मानें को कई जिलों में न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है। लखनऊ मौसम विज्ञान के हवाले से इटावा में 8.4°C तापमान दर्ज किया गया, जो यूपी में सबसे कम है। वहीं, कानपुर, 10°C, अयोध्या 11°C और बरेली 10.4°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेना पड़ सकता है।
बिहार में सुबह-शाम सर्दी का तेज असर बना हुआ है। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है, जिससे काफी सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से और ठंड बढ़ेगी और घने कोहरे के कारण ट्रेनों की लेट लतीफी की समस्याएं बढ़ेंगी।
दिल्ली में हवा की क्वालिटी सर्दी का मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली-एनसीआर के वातावरण में धुएं और धुंध का पहरा है। लगातार कई दिनों घना कोहरा छाया नजर आ रहा है। हालांकि, तापमान स्थिर है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम 10.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। फिलहाल, एक सप्ताह तक बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है। लेकिन 16 नवंबर को पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने का कुछ असर पड़ सकता है। फिलहाल, सर्दी में इजाफा होने के साथ कोहरे और प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सीपीसीबी के मुताबिक, औसत एक्यूआई 404 के आसपास है। जो सबसे गंभीर क्षेत्र माने जा रहे हैं उनमें बवाना 460, वजीरपुर 452, बुराड़ी 433, चांदनी चौक 455, आनंद विहार 431, मुंडका 438 और पूसा 302 एक्यूआई के साथ शामिल हैं। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच का वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है, जो वर्तमान दिल्ली और एनसीआर में स्थितियां बनी हुई हैं।
राजस्थान में कोहरे-सर्दी का अलर्ट
राजस्थान में सर्दी के साथ गलन महसूस की जा रही है। कई हिस्सों में बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की माने को राज्य का फतेहपुर सबसे कम 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ टॉप पर है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकतर भागों में न्यूनतम तापमान 7.0 से 15.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है जो सामान्य से लगभग 1-2 सेल्सियस डिग्री कम है। हालांकि, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान हल्की हवाओं के साथ मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया नजर आएगा।
कश्मीर घाटी में बर्फबारी का अलर्ट
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी का मौसम देखने को मिल रहा है। खासकर, बर्फबारी और ठंड के अतिरिक्त कोई नए मौसम प्रणाली को लेकर कोई संकेत नहीं है। कश्मीर घाटी, गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -0.1°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पारा गिरने से गलन वाली सर्दी और कोहरा छाया नजर आ रहा है। आईएमडी के मुताबिक, श्रीनगर में -2.3°C, पहलगाम में -3.8°C में न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 नवंबर एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से कश्मीर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कैसा है मौसम
हिमाचल प्रदेश में मौसम काफी गुलाबी है। शीतलहर के कारण सर्दी के थपेड़ों से आम जनजीवन पर प्रभाव पड़ रहा है, लेकिन पर्यटकों के लिए यह मौसम बेहद अच्छा साबित होगा। मौसम विभाग के मुताबिक, ताबो, कुकुमसेरी और केलांग में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे हैं। हालांकि, मनाली, शिमला समेत अन्य मुख्य पर्यटन स्थलों पर पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के बाद चोटिया बर्फ की चादर से ढकेंगी, तब तापमान जीरो से नीचे जाएगा। फिलहाल, पहाड़ी राज्यों में शुष्क और सर्द स्थितियां बनने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना होगा। मौसम विभाग ने लाहौल स्पीति और मनाली में बारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। इधर, उत्तराखंड में भी कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। आईएमडी ने सप्ताह के अंत तक रूद्र प्रयाग, मसूरी, नैनीताल, चमोली और बागेश्वर में तेज शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। लगातार बर्फीली हवाओं के कारण कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस को टच कर गया है। 16 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर सकता है।
तमिलनाडु में आंधी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वोत्तर मानसून के कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने थूथुकुडी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, रामनाथपुरम और तेनकासी जिलों पर बारिश की संभावना जताई है। स्थानीय मौसम संबंधी व्यवधानों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। चेन्नई में दिन भर बादल रहने की संभावना है। इस दौरान समुद्र से आने वाली नमी भरी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। इस दौरान कई इलाकों में बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। लिहाजा संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने का आग्रह किया है। कमोबेश कुछ ऐसा ही मौसम केरल, आंध्र और अंडमान के कुछ हिस्सो में दिखाई दे सकता है।





