Blog

Breaking News : दुर्ग जिले में एक और हत्या, उतई में पांच लोगों की पिटाई से गई युवक की जान

भिलाई। दुर्ग जिले में हत्या जैसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामले में उतई थाना क्षेत्र में पांच लोगों की पिटाई से एक युवक की जान चली गई। नौकरी से निकाले जाने के बाद भी युवक आरा मिल के कमरे में सोने चला गया था तो वहां काम करने वाले पांच युवकों ने उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। गुरुवार की सुबह युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। मामले में उतई पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक गुरुवार की सुबह एक युवक की लाश उतई बस स्टैंड के पास मिली थी। लाश मिलने की सूचना पर उतई पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। लाश का मुआयना करने पर किसी भी तरह का बाहरी चोट नजर नहीं आने पर पुलिस ने एक बारगी स्वाभाविक मौत मान लिया और मृतक की शिनाख्ती की कवायद शुरू कर दिया। थोड़ी देर में मृतक की पहचान मूलतः बिहार के रहने वाले राहुल रजक के रूप में हो गई।

कुछ दिन पहले तक राहुल रजक उतई में स्थित विजय पाण्डेय के आरा मिल में काम करता था। हत्या के इस मामले में उतई पुलिस ने विजय पाण्डेय के ही आरा मिल में काम करने वाले अटल पाण्डेय, अंजनी, अमरनाथ प्रजापति, अक्षय कुमार और राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश व बिहार के रहने वाले हैं। यहां उतई में रहकर वे विजय पाण्डेय के आरा मिल में काम करते थे।

Untitled design

एसडीओपी पाटन अनूप लकरा ने बताया कि विजय पाण्डेय के आरा मिल में सोनू रजक ठेकेदार था। सोनू रजक ने अपने भाई राहुल रजक को बिहार से यहां बुलाकर विजय पाण्डेय के आरा मिल में नौकरी लगाया था। राहुल रजक का अपने साथ काम करने वाले दूसरे कर्मचारियों से बर्ताव ठीक नहीं था। राहुल रजक अक्सर बिना किसी कारण के साथी कर्मचारियों से गाली गलौज करता था। इसलिए राहुल रजक के साथ कोई भी कर्मचारी काम नहीं करना चाहते थे। कर्मचारियों ने इस बात से आरा मिल मालिक विजय पाण्डेय को अवगत करा दिया। इसके बाद विजय पाण्डेय ने सोनू और राहुल रजक को हिसाब कर काम से निकाल दिया।

काम छूटने पर सोनू रजक वापस बिहार लौट गया। लेकिन राहुल रजक यहीं पर रह रहा था। बुधवार की रात को राहुल आरा मिल के पास कर्मचारियों के रहने के लिए बने कमरे में सोने चला गया। इसका आरा मिल मालिक विजय पाण्डेय के भाई का साला अटल पाण्डेय सहित अंजनी, अमरनाथ प्रजापति, अक्षय कुमार और राहुल सिंह ने विरोध किया। पांचों ने राहुल रजक को कमरे से निकलने को कहा तो विवाद बढ़ गया। पांचों युवकों ने राहुल रजक की पिटाई कर दी। राहुल की हालत खराब होने पर उसे पानी पिलाया। फिर राहुल के कहने पर उसे मोटर साइकिल में उतई बस स्टैंड छोड़कर लौट आए। अगली सुबह गुरुवार को राहुल रजक बस स्टैंड में मृत हालत में मिला। मृतक के शरीर में किसी प्रकार का चोट का निशान देखने को नहीं मिला। लेकिन शार्ट पीएम में अंदरुनी चोट का पता चलने पर जांच हुई तो मामला हत्या का निकलने पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

The post Breaking News : दुर्ग जिले में एक और हत्या, उतई में पांच लोगों की पिटाई से गई युवक की जान appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button